शवदाह गृह के निर्माण स्थल का पूर्व उपमुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण ।
प्रवीण कुमार (कटिहार)
पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत कारी कोशी नदी के तट पर अवस्थित शवदाह गृह के निकट एक विद्युत तथा दो लकड़ी शवदाह गृह के होने वाले निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण क्रम में बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड ,कटिहार के परियोजना निदेशक संजय कुमार मिश्रा, उप परियोजना निदेशक रत्नेश कुमार, भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोज राय, पूर्वअध्यक्ष लक्खी प्रसाद महतो, महामंत्री वीरेंद्र कुमार यादव, गोविंद अधिकारी, प्रमोद महतो, भोला महतो, सौरभ मालाकार के अतिरिक्त अनेक स्थानीय लोग उपस्थित थे। पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री प्रसाद ने बताया कि 4.64 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले एक विद्युत तथा दो लकड़ी शवदाह गृह का निर्माण वुडको द्वारा किया जाना है। जिसकी निविदा प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही संवेदक द्वारा इकरारनामा भी कर दिया गया है। संवेदक द्वारा इसके निर्माण कार्य को 9 माह में पूर्ण कर इसे आमजन के उपयोग के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने बताया कि शवदाह गृह के निर्माण होने से यहां कम समय में शवदाह संस्कार किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण में नवीन तकनीक का प्रयोग होने से दाह संस्कार से निकलने वाले धुएं से होने वाले प्रदूषण भी कम से कम होगा। ज्ञातव्य है कि पिछले एनडीए की सरकार में नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री के रूप में पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री प्रसाद ने पूरे बिहार में 38 स्थानो पर 02अरब 27 करोड़ की लागत से विद्युत एवं लकड़ी शवदाहगृह निर्माण की स्वीकृति दी थी। जिसमें कटिहार नगर के साथ ही मनिहारी को भी शामिल किया गया था। फलस्वरुप अब इसके निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
