जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गोला घाट नाव दुर्घटना में पीड़ितों के परिवारों से की मुलाकात, मुआवजे और न्याय की मांग की
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
जनसुराज पार्टी के प्रदेश कोर समिति सदस्य सत्य नारायण शर्मा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ गोला घाट में हुई दर्दनाक नाव दुर्घटना के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस घटना में 9 निर्दोष लोगों की मौत हो गई और एक बच्ची अब तक लापता है। श्री शर्मा के साथ जिला उपाध्यक्ष प्रद्युमन ओझा, जिला पार्षद सदस्य निर्मला देवी, जिला सचिव प्रताप मंडल, जिला प्रवक्ता डॉ. मुस्तफा अहमद, प्रखंड उपाध्यक्ष मिथुन सिंह और प्रदेश कार्यकारिणी समिति के सदस्य डॉ. गौतम सिंह,सैफ अली खान उपस्थित थे।सत्य नारायण शर्मा ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए कहा, “यह हादसा बेहद हृदयविदारक है। इस दुखद समय में जनसुराज पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करने का संकल्प लेती है।”उन्होंने सरकार से मृतकों के परिजनों को 4 लाख की जगह 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। साथ ही, एक पीड़ित महिला, नीलम देवी, जिन्होंने अपने पिता, पति और बहन को इस दुर्घटना में खो दिया और स्वयं भी मुश्किल से बच पाईं, को सरकारी नौकरी देने का अनुरोध किया।श्री शर्मा ने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने और जल परिवहन सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा, “यह घटना हमें जल परिवहन सुरक्षा पर पुनर्विचार करने और इसे सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता का एहसास कराती है।”इस दौरे का उद्देश्य न केवल शोक व्यक्त करना था, बल्कि पीड़ित परिवारों की आवाज़ को सशक्त मंच प्रदान करना भी था। जनसुराज पार्टी ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हरसंभव सहायता देने का संकल्प लिया है।श्री शर्मा और उनकी टीम ने सरकार से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द न्याय और सहायता मिले, ताकि वे अपने जीवन को फिर से व्यवस्थित कर सकें।
