नवाबगंज में प्रतियोगी छात्रों के लिए आधुनिक पुस्तकालय का शुभारंभ, 19 जनवरी से संचालन शुरू
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए नवाबगंज में एक नई और अत्याधुनिक पुस्तकालय का विधिवत संचालन 19 जनवरी से शुरू होगा। इस पुस्तकालय का नाम यूआरएसपी लाइब्रेरी है, जिसे छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।लाइब्रेरी के निदेशक सह संचालक उत्तम कुमार उर्फ उज्जवल ने जानकारी दी कि मामूली शुल्क पर पंजीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। अब तक लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है और शिफ्ट के अनुसार पुस्तकालय में आना भी शुरू कर दिया है।इस पुस्तकालय में एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, दरोगा, सिपाही, बीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। सुविधाओं में एनसीईआरटी की पुस्तकें (कक्षा 6 से 12 तक),करेंट अफेयर्स, मैगजीन्स और समाचार पत्र,इंटरनेट, वाईफाई और लैपटॉप की उपलब्धता,गर्मियों में एसी और निर्बाध बिजली व्यवस्था,ग्रुप डिस्कशन के लिए स्थान,सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे।इसके अलावा, पुस्तकालय में छात्रों की सुविधा के लिए एक कैंटीन खोलने की भी योजना है।पुस्तकालय का संचालन प्रतिदिन सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा। तीन-तीन घंटे की शिफ्ट में एक साथ 30 छात्रों के बैठने की फिलहाल व्यवस्था है। संचालक उत्तम कुमार ने बताया कि ऐसे छात्र जो घर पर शांति से पढ़ाई का माहौल नहीं पाते हैं या जिन्हें अध्ययन के लिए कटिहार तक का सफर करना पड़ता है, उनके लिए यह पुस्तकालय एक आदर्श स्थान साबित होगा। उन्होंने कहा, “हम छात्रों से अपील करते हैं कि अपने सपनों को साकार करने के लिए एक बार यूआरएसपी लाइब्रेरी जरूर आएं।”यह पुस्तकालय न केवल प्रतियोगी छात्रों को बेहतर संसाधन और माहौल प्रदान करेगा, बल्कि मनिहारी क्षेत्र में शैक्षणिक उन्नति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
