April 6, 2026

फसल रौंदने के आरोप में पगला यादव गिरफ्तार, शराब के नशे में हंगामा करने पर पूर्व उप मुख्य पार्षद भी भेजे गए जेल

Read Time:2 Minute, 17 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

मनिहारी थाना क्षेत्र में फसल को बलपूर्वक नष्ट करने और शराब के नशे में हंगामा करने के दो अलग–अलग मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।दक्षिणी कांटाकोश पंचायत के किसान मोतीलाल यादव और रामगोपाल यादव ने मनिहारी थाना में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि 9 मार्च की रात रामनगर मौजा स्थित करीब 200 बीघा जमीन में लगी उनकी फसल को रामनिवास यादव उर्फ पगला यादव ने अपने आधा दर्जन से अधिक सहयोगियों के साथ ट्रैक्टर से रौंदकर नष्ट कर दिया। आरोप है कि सभी लोग हथियार से लैस थे और विरोध करने पर कट्टे का भय दिखाते हुए थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। किसानों के अनुसार इस घटना में करीब पांच लाख रुपये मूल्य की फसल बर्बाद हो गई।थानाध्यक्ष पंकज आनंद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मनिहारी थाना में कांड संख्या 73/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत रामनिवास यादव उर्फ पगला यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हालांकि पगला यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीति से प्रेरित और साजिश करार दिया है।इधर, शराब पीकर गाली-गलौज व हंगामा करने के आरोप में नगर पंचायत के पूर्व उप मुख्य पार्षद मुस्तफा अंसारी उर्फ पप्पू अंसारी को भी गिरफ्तार कर मद्य निषेध अधिनियम के तहत जेल भेजा गया है।

Previous post तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दंपति को मारी ठोकर,दोनो गंभीर, रेफरबाइक घिसटते हुए 5 किमी तक ले गए चालक, मौके से हुए फरार
Next post कलश शोभा यात्रा के साथ श्री श्री 108 श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान सप्ताह पारायण रानी कोला में प्रारंभ
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial