October 14, 2026

पू. सी. रेलवे ने संरक्षा को बढ़ावा देते हुए लोको पायलटों के लिए ऑडियो- विजुअल सेक्शनल रोड शिक्षण प्रशिक्षण चालू

Read Time:3 Minute, 26 Second

प्रवीण कुमार(कटिहार)

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने अपने सभी पांच मंडलों में ऑडियो-विजुअल सेक्शनल रोड लर्निंग प्रशिक्षण लागू किया है। यह जोन के अधीन ट्रेन परिचालन में परिचालनिक दक्षता और संरक्षा बढ़ाने की दिशा में एक अन्य महत्वपूर्ण कदम है। इस नवीनतम पहल का उद्देश्य लोको पायलट और सहायक लोको पायलट को एक उन्नत शिक्षण संसाधन प्रदान करना है, ताकि उनलोगों को निर्दिष्ट मार्गों, स्टेशन लेआउट्स, सिग्नलिंग सिस्टम और सेफ्टी प्रोटोकॉल की वास्तविक और गहन समझ से अवगत कराया जा सके। मुख्य जनसंपर्क अधिकारीकपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि पू. सी. रेलवे के प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर श्री संदीप कुमार के नेतृत्व में ऑडियो-विजुअल सेक्शनल एलआर वीडियो विकसित किया गया है। इस उपकरण की परिकल्पना रेलवे ट्रैक, स्टेशन लेआउट, सिग्नल प्लेसमेंट, ग्रेडिएंट्स, कर्व्स और ब्रिज के वास्तविक समय के फुटेज प्रस्तुत करके सैद्धांतिक जानकारी और व्यावहारिक अनुभव के बीच की खाई को पाटने के लिए किया गया है। इंजन पर लगे इन-हाउस कैमरों के उपयोग से कैप्चर किए गए ये वीडियो, लोको पायलटों को ट्रेन परिचालन से पहले अपने संबंधित मार्गों की जटिलताओं से परिचित कराने में सक्षम बनाते हैं। निर्दिष्ट यात्राओं के सीमित समय के भीतर बड़े स्टेशनों, गुड्स और पैसेंजर यार्डों को नेविगेट करने में लोको पायलटों को कई चुनौतियों सामना करना पड़ता है। इसे स्वीकार करते हुए, पू. सी. रेलवे ने सेक्शनल शिक्षण के लिए एक कुशल और संरचित दृष्टिकोण प्रदान करने के लिए इस प्रणाली को विकसित किया है। यह वीडियो नियमित रूप से क्रू लॉबी में प्रसारित किए जाते हैं, जिससे व्यापक पहुंच और निरंतर शिक्षण सुनिश्चित किया जाता है। उपरोक्त कदम प्रशिक्षण पद्धतियों के आधुनिकीकरण और अपने कार्यबल को उन्नत रेलवे संचालन के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से लैस करने की दिशा में पू. सी. रेलवे की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। यह पहल लोको पायलटों को बेहतर तैयारी, बेहतर मार्ग परिचित और बढ़ी हुई संरक्षा जागरूकता के साथ सशक्त बनाने के लिए रेलवे के चल रहे प्रयासों को दर्शाती है, जो अंततः पू. सी. रेलवे के नेटवर्क में ट्रेनों के सुचारू और सुरक्षित परिचालन में योगदान देती है।

Previous post पैक्स प्राथमिक कृषि सहकारी समिति का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न
Next post 13 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial