April 6, 2026

सुतारा मेहीं मिशन स्कूल का 16वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।

Read Time:5 Minute, 50 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कुरसेला प्रखंड के सुरेश्वर नगर, देवीपुर स्थित सीबीएसई मान्यता प्राप्त प्लस टू सुतारा मेहीं मिशन स्कूल में शुक्रवार को विद्यालय का 16वां स्थापना दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों की अनूठी झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों, अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।समारोह का उद्घाटन पूर्व मंत्री करूणेश्वर सिंह, डॉ. ऐश्वर्या सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, एडवोकेट आदित्य सिंह, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कटिहार के प्राचार्य विजय कुमार, कृष्णानंद चौधरी, विद्यालय के निदेशक प्रभात कुमार सिंह, निदेशिका पूनम प्रभात तथा प्राचार्य सत्यजीत सिंह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का शॉल एवं बुके देकर सम्मान किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना नृत्य से हुई, जिसने समारोह को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने शिव तांडव, हनुमान चालीसा, संस्कार का महत्व, नारी शक्ति और रक्त चरित्र जैसे विषयों पर आधारित नृत्य और प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत लघु नाटकों में सामाजिक कुरीतियों, नैतिक मूल्यों और समाज में सकारात्मक बदलाव के संदेश को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया गया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और सभी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की खुलकर सराहना की।कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक ओमप्रकाश झा के निर्देशन में छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।मुख्य अतिथि का संबोधन:-मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री करूणेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि कुरसेला जैसे छोटे कस्बे में सीबीएसई मान्यता प्राप्त प्लस टू विद्यालय का संचालन होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास कर रहा है, जो समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को सफलता के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने योग्य बनाती है।विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार:-विद्यालय के निदेशक प्रभात कुमार सिंह और निदेशिका पूनम प्रभात ने समारोह में आए सभी अतिथियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। विद्यालय निरंतर शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और संस्कार आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है।उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों के लिए कोरियोग्राफर एवं शिक्षकों को भी साधुवाद दिया और कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए विद्यालय हमेशा मंच प्रदान करता रहेगा।समारोह का समापन विद्यालय परिसर में आयोजित सामूहिक रात्रि भोज के साथ हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि, व्यवसायी एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा स्थानीय लोग भी मौजूद रहे और पूरे आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Previous post कटिहार में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन।मामलों के निष्पादन के लिए कुल 15 बेंचों का गठन किया
Next post कुर्सेला में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 12 लोग गिरफ्तार।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial