बाढ़ के पानी के कारण कटा मार्ग व यातायात हुआ प्रभावित
सुफियान खान । रेउसा
सदरपुर इलाके में चौका व किवानी नदियों के जलस्तर में कमी आई है। सदरपुर-गोड़ैचा मार्ग पर बकहुंआ बाजार से आगे रपटा पुल पर बुधवार को अचानक बाढ़ का पानी भर गया। इसकी वजह से आवागमन बंद कर दिया गया था। गुरुवार को जलस्तर में कमी होने पर सुबह आवागमन शुरू कर दिया गया था लेकिन भारी वाहनों को पुल से जाने की अनुमति नहीं मिली। जलभराव के कारण रपटा पुल के पास सड़क कट गई है। इसकी वजह से शाम को फिर से आवागमन बंद कर दिया गया।तराई में शारदा व सरयू नदी के बाद अब चौका व किवानी नदियों का भी जलस्तर कम होने लगा है। पानी कम होने से सदरपुर-गोडै़चा मार्ग पर बने रपटा पुल पर गुरुवार सुबह आवागमन शुरू हो गया। लेकिन पुल पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहा। उधर, शाम के समय पुल के पास सड़क कटने से फिर आवागमन बंद कर दिया गया। रेउसा इलाके में जलस्तर कम होने के बाद अब कटान का खतरा मंडराने लगा है। गोड़ैचा चौराहे से महमूदाबाद हाईवे पर अलनापुर से पर्वतपुर तक सड़क पर पानी बह रहा है। इससे लोगों को इस मार्ग से आवागमन में दिक्कतें आ रही है। बिसवां तहसील के म्योढ़ी छोलहा, पासिनपुरवा में जलस्तर कम होने के बाद अब कटान का खतरा मंडराने लगा है। लहरपुर व तंबौर इलाके के गांवों से अब पानी घट गया है परंतु बाढ़ के बाद फैलने वाली रोग लोगों को डराने लगी है ।कई बच्चों में डेंगू बुखार के लक्षण दिखाई दिए हैं । इन्हीं सब कारणों से लोग घबराए हुए हैं । स्थानीय बुद्धिजीवियों ने प्रशासन से इसपर संज्ञान लेकर निदान का मांग किया है ।
