विषहरी स्थान के पास भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बोलेरो सवार वृद्ध की मौत, सात घायल
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर विषहरी स्थान के समीप सोमवार की अलसुबह करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क हादसे में बोलेरो सवार एक वृद्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के श्रीनगर निवासी 65 वर्षीय अनुपलाल मेहता के रूप में की गई है। बताया जाता है कि सभी लोग बोलेरो से खगड़िया जिले में गाने-बजाने का कार्यक्रम कर अपने घर श्रीनगर (पूर्णिया) लौट रहे थे। इसी दौरान समेली की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने विषहरी स्थान के पास बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे तीन पेड़ों से टकराई और फिर सड़क के दूसरी ओर जाकर पलटते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बोलेरो में फंसे घायलों को बाहर निकाला।सूचना मिलने पर कुरसेला पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुरसेला पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।घायलों में मधुव्रत देव (9 वर्ष), चंद्रदीप अनन्य (70 वर्ष), सुनील कुमार (40 वर्ष), संजय कुमार (30 वर्ष), विश्वजीत कुमार (54 वर्ष), जय कृष्णा राय (60 वर्ष) तथा योगेंद्र प्रसाद यादव (76 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायल पूर्णिया जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।इधर हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया गया है और फरार ट्रक व चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुट गई है।थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया गया है तथा फरार ट्रक व उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।तीन महीने में आठ की मौत, सड़क सुरक्षा पर उठे सवालकुरसेला थाना क्षेत्र के एनएच-31 और एसएच-77 सड़क पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते तीन महीनों के भीतर इन सड़कों पर हुए विभिन्न हादसों में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाने से अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।जानकारी के अनुसार 1 जनवरी को एनएच-31 पर सत्संग मंदिर के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में शाहपुर धर्मी पंचायत के कटरिया गांव निवासी सरपंच विजयानंद ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी बाद में पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई।4 फरवरी को कुरसेला थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार खैरिया निवासी रामाशीष यादव की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।12 फरवरी को कुरसेला नगर पंचायत के कुरसेला बस्ती पश्चिम टोला में डीजे वाहन की चपेट में आने से 9 वर्षीय बालक की मौत हो गई थी।इसके बाद 26 फरवरी को एसएच-77 के डुमरिया चौक के समीप हाइवा की टक्कर से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई।27 फरवरी को एक ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिसमें पूर्णिया जिले के सिमरा निवासी शैलेन्द्र साह की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं 8 मार्च को तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल सवार दो मौसेरे भाइयों को रौंद दिया, जिसमें एक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था।इसके अलावा 15 मार्च को पिकअप की टक्कर से ऑटो पलट जाने से एक वृद्ध की मौत हो गई थी और छह लोग घायल हो गए थे।लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों, यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क पर पर्याप्त निगरानी नहीं होने के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई, स्पीड कंट्रोल और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके
