अमृत भारत योजना के तहत बारसोई स्टेशन के रिडेवलपमेंट कार्य का हुआ शिलान्यास।

मनोरंजन साहा (बारसोई)
पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बटन दबाकर की शुरुआत ।
रेल सुविधा के लिहाज से कटिहार रेलमंडल के लिए रविवार बेहद खास साबित हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव जी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक साथ देश भर के 508 स्टेशनों के विकास कार्यों की शुरुआत की गई। इन स्टेशनों में कटिहार रेलमंडल के 9 स्टेशन शामिल किए गए। अमृत भारत योजना के तहत चयनित स्टेशनों को पुनर्विकसित किया जायेगा। स्टेशन रिडेवलपमेंट कार्य के अंतर्गत प्लेटफार्म पर शेड की संख्या में बढ़ोतरी, प्लेटफार्म की ऊंचाई को बढ़ा कर हाई लेवल प्लेटफार्म में बदलना,1 प्लेटफार्म की टाइल्स को बदलना, वेटिंग रूम को अपग्रेड करना, शीतल पेयजल की आपूर्ति करना, स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर साइनेज लगाना, डिजिटल कोच इंडिकेटर बोर्ड तथा डिजिटल ट्रेन आगमन प्रस्थान बोर्ड लगाए जायेंगे। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं, उच्च श्रेणी वेटिंग रूम, 12 मीटर चौड़ाई वाला फुट ओवर ब्रिज भी बनाया जायेगा। इस फुट ओवर ब्रिज का उपयोग रूफटॉप प्लाजा के रूप में किया जायेगा जिसपर दुकानें और फूड स्टॉल आदि भी मौजूद होगी। इसके साथ ही स्टेशन पर लिफ्ट तथा एस्केलेटर भी लगाए जायेंगे।
इसके अतिरिक्त सभी स्टेशनो का सौंदर्यीकरण किया जायेगा। जिसमे इंट्रेंस का भी सौंदर्यीकरण किया जायेगा। पार्किंग की जगह को शिफ्ट किया जायेगा। स्टेशन बिल्डिंग के फ्रंट पर टाइल्स और ग्लास लगाए जायेंगे। बिल्डिंग की एंट्री और एक्जिट प्वाइंट में सुधार किया जायेगा। एंट्री गेट के बाहर पेड़ पौधे लगाए जायेंगेऔर पार्क का निर्माण किया जायेगा। रेलवे कोच रेस्टुरेंट भी खुलेगा। कटिहार रेल मंडल के डीआरएम सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रेलवे में पहली बार इतने बड़े स्तर पर एक साथ सामूहिक शिलान्यास का कार्यक्रम आयोजित हुआ है। जिसमे देश भर के 508 स्टेशनों में बिहार के 49 स्टेशनों का चयन किया गया है ।रेलवे में इन्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार के लिए अमृत भारत स्कीम लॉन्च की गई है। इससे पूर्व सरकार द्वारा स्टेशनों के विकास के लिए आदर्श स्टेशन स्कीम लॉन्च की गई थी। शिलान्यास समारोह के पुर्व स्थानीय स्कूली बच्चों बच्चियों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नृत्य कला का प्रदर्शन किया गया । जिसे प्रोत्साहित करने हेतु पुरस्कृत भी किया गया । इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद, बलरामपुर विधायक महबूब आलम, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल , वरूण झा मिहिर मुखर्जी, अक्षय सिंह, रेलवे प्रशासन की ओर से डीआरएम सहित सीनियर डीपीओ अतुल कुमार मिश्रा, सीनियर डीसीएम जी प्रशांत कुमार,डीसीएम अमिताभ कुमार,आरपीएफ कमांडेंट कमल सिंह सहित अन्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
