महाराष्ट्र में सत्ता का संग्राम:- शिवसेना अल्पमत में हमें डराने की कोशिश न करें — शिंदे
महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से चल रहे राजनीतिक संकट के बीच उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार शाम शरद पवार के साथ दो घंटे मीटिंग की। इसके बाद उन्होंने शिवसेना के नगरसेवकों को संबोधित किया। ठाकरे ने कहा कि कुछ दिन पहले जब मुझे बगावत का शक हुआ तो मैंने एकनाथ शिंदे को फोन किया और कहा कि शिवसेना को आगे ले जाने का अपना कर्तव्य निभाओ, ऐसा करना सही नहीं है।
उन्होंने मुझसे कहा कि एनसीपी-कांग्रेस हमें खत्म करने की कोशिश कर रही है और विधायक चाहते हैं कि हम बीजेपी के साथ जाएं। मैंने उनसे कहा था कि जो विधायक ऐसा करना चाहते हैं उन्हें मेरे पास लाओ। भाजपा, जिसने हमारी पार्टी, मेरे परिवार को बदनाम किया है, वही है जिसके साथ जाने की आप बात कर रहे हैं। ऐसा सवाल ही नहीं उठता। विधायक अगर वहां जाना चाहते हैं तो वे सभी जा सकते हैं। मैं नहीं रोकूंगा। अगर कोई जाना चाहता है, चाहे वह विधायक हो या कोई और। आओ और हमें बताओ और फिर जाओ।
फिर की इस्तीफे की पेशकश अगर आपको लगता है कि मैं बेकार हूं और पार्टी चलाने में असमर्थ हूं, तो मुझे बताएं। मैं खुद को पार्टी से अलग करने के लिए तैयार हूं, आप बता सकते हैं। आपने अब तक मेरा सम्मान किया क्योंकि बालासाहेब ने ऐसा कहा था। अगर आप कहते हैं कि मैं अक्षम हूं, तो मैं इस समय पार्टी छोड़ने को तैयार हूं।हमारे लोगों ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा कांग्रेस- NCP आज हमारा समर्थन कर रही है, शरद पवार और सोनिया गांधी ने हमारा समर्थन किया लेकिन हमारे ही लोगों ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा। हमने ऐसे लोगों को टिकट दिया जो जीत नहीं सकते थे और हमने उन्हें विजयी बनाया। उन्हीं लोगों ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा। डिप्टी स्पीकर 16 विधायकों को नोटिस भेज सकते हैं महाराष्ट्र विधानसभा के डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल ने शिवसेना के 16 बागी विधायकों को नोटिस भेज सकते हैं। उद्धव गुट ने 16 विधायकों को अयोग्य ठहराने की चिट्ठी विधानसभा के डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल को भेजी थी। शिवसेना की लीगल टीम भी विधानसभा पहुंची थी। सरकार ने AG को भी तलब किया था।
आज के 4 बड़े बयान…
1– संजय राउत बोले– बातचीत का वक्त खत्म हो गया है। अब हम बागियों को बताएंगे कि शिवसेना क्या है? अब हम हार नहीं मानेंगे। फ्लोर टेस्ट होने के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। मुंबई आकर लड़ाई करें, फिर परिणाम दिखेगा।
2– आदित्य ठाकरे बोले– कांग्रेस धोखा देती तो इतना बुरा नहीं लगता; हमारे ही लोगों ने साथ छोड़ दिया है। उद्धव जी ने कहा जो जा रहा है, जाने दो।
3– एकनाथ शिंदे बोले– उद्धव सरकार अल्पमत में है। हमारे विधायकों को डराने की कोशिश की जा रही है। हमें कोई डरा नहीं सकता है। हमारे पास शिवसेना के 39 और निर्दलीय 14 विधायक हैं।
4– हिमंता बिस्वा सरमा बोले– विधायक छुट्टी पर आए हैं। हम उद्धव ठाकरे जी से भी कहेंगे कि आप भी असम घूमने आइए। विधायक अगर होटल बुक करेंगे, तो मैं उसे नहीं रोक नहीं सकता।
source दैनिक भास्कर
