April 6, 2026

जिला बाल श्रम निषेध टास्क फोर्स एवं जिला बाल बाल संरक्षण इकाई से संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक

Read Time:4 Minute, 12 Second

प्रवीण कुमार(कटिहार)

कटिहार समाहरणालय के एन.आई.सी सभागार में डीएम आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला बाल श्रम निषेध टास्क फोर्स एवं जिला बाल बाल संरक्षण इकाई से संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई।बाल श्रम से विमुक्त कराये गये बालकों की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा श्रम अधीक्षक को निदेश दिया गया कि होटल, ढाबों, दुकानों, ईंट भट्ठों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में काम करने वाले बच्चों को विशेष अभियान चलाकर रेस्क्यू करना सुनिश्चित करें। सरकार द्वारा अनुमान्य राहत की राशि ससमय बच्चों को मिले इसे भी सुनिश्चित किया जाय। इसके लिए ससमय सभी लाभुकों का खाता खुलवाना सुनिश्चित किया जाय। बाल श्रम से विमुक्त कराये गये ऐसे बच्चें जिनकी आयु 14 वर्ष से कम है। वैसे बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने का निदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चौधरी को दिया गया। श्रम अधीक्षक पीटर मिंज को निदेश दिया गया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी को ऐसे बच्चों की सुस्पष्ट सूची उपलब्ध करायें। ऐसे बच्चों को पुनर्वासित किये जाने का निदेश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। श्रम अधीक्षक को निदेश दिया गया कि ऐसे बच्चों के परिवार को राशन कार्ड, भूमि,रोजगार,स्वास्थ्य सुविधा इत्यादि से जोड़ने हेतु सभी विभागों से व्यक्तिगत रूप से समन्वय स्थापित करें। किसी भी समस्या की परिस्थिति में जिला पदाधिकारी को तत्काल अवगत करायेंगे।बिहार सरकार द्वारा संचालित अनाथ एवं बेसहारा बच्चों के लिए परवरिश योजना की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं सभी संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि सभी अनाथ एवं बेसहारा बच्चों को परवरिश योजना से आच्छादित किया जाय। डीएम आशुतोष द्विवेदी ने जिले में हुए अनाथ बच्चों के सर्वे में योग्य पाए गए बच्चों को परवरिश योजना से जोड़ने एवं विद्यालय में नामांकन कराने का भी निदेश दिया गया।इसके अतिरिक्त बाल गृह,बालिका गृह के बच्चे,बच्चियों का यथाशीघ्र पुनर्वासन हेतु बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य को निदेशित किया।साथ ही पॉक्सो पीड़ित बच्चियों को बाल कल्याण समिति में उपस्थापित कराने हेतु सभी थानाध्यक्षों को निदेशित किया गया ताकि उनको सभी सरकारी लाभ,सपोर्ट पर्सन मुहैया कराया जा सके। वृहद आश्रय गृह के बच्चों के आधार कार्ड निर्गत करने हेतु मासिक कैंप लगाने का भी निदेश दिया गया।बैठक में श्री अमित कुमार,उप विकास आयुक्त, कटिहार, रवि शंकर तिवारी, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, अभिषेक किशोर, प्रभारी पदाधिकारी, जिला गोपनीय प्रशाखा, पिटर मिंज, श्रम अधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Previous post प्राथमिक विद्यालय बभनगामा के छात्र-छात्राओं का परिणाम घोषित कर प्रगति पत्रक किया वितरण
Next post एसडीएम कटिहार ने विवादित जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial