April 2, 2026

लक्ष्य टीचिंग सेंटर के छात्रों ने लहराया सफलता का परचम, तीन बने जिला टॉपर

Read Time:3 Minute, 27 Second

(हसनगंज डेस्क)

हसनगंज प्रखंड स्थित कालसर पंचायत के अधौरा कालसर में संचालित लक्ष्य टीचिंग सेंटर के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। संस्थान के तीन छात्रों ने जिला टॉपर बनकर न केवल अपने कोचिंग सेंटर बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इनमें कालसर गांव निवासी पंकज कुमार विश्वास के पुत्र प्रेम प्रीतम ने 473 अंक प्राप्त कर जिला में पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं रवि कुमार और अनुराज मंडल ने 472 अंक लाकर संयुक्त रूप से छठा स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इसके अलावा 12 अन्य छात्रों ने भी प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। इस अवसर पर उन छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने किसी एक विषय में शत-प्रतिशत (100) अंक हासिल किए। लक्ष्य टीचिंग सेंटर के संचालक मिथलेश कुमार ने ऐसे सात विद्यार्थियों को कॉपी, कलम एवं एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि इन छात्रों ने विशेष रूप से गणित एवं विज्ञान विषय में 100 अंक प्राप्त किए हैं। मौके पर संचालक मिथलेश कुमार ने कहा कि संस्थान के तीन छात्रों का जिला टॉपर बनना गर्व की बात है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। छात्रों की इस सफलता से अभिभावकों और संस्थान परिवार में खुशी की लहर है। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों राजन विश्वास, राजू यादव, अशोक साह, नरेश मंडल, प्रकाश मंडल, कामता प्रसाद विश्वास, उमेश विश्वास, भवेश मंडल, सुरेश दास सहित अन्य लोगों ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अभिभावकों ने कहा कि पहले अक्सर शहरों के बच्चों के टॉप करने की बातें सुनने को मिलती थीं, लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। एक छोटे कोचिंग सेंटर से पढ़कर छात्रों का इस मुकाम तक पहुंचना बेहद सराहनीय है। अब यह विश्वास मजबूत हुआ है कि ग्रामीण इलाके के बच्चे भी बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

Previous post प्रधानाध्यापिका नुतन कुमारी ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को वितरण किया प्रगति पत्र
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial