June 16, 2026

होली पर हुरदंगियों पर रहेगी कड़ी नजर, डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित : डीएसपी बिनोद कुमार

Read Time:3 Minute, 31 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

होली पर्व को लेकर मनिहारी थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परंपरागत हर्ष–उल्लास, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की गई।बैठक को संबोधित करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद कुमार ने कहा कि रंगों के पर्व होली पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले हुरदंगियों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। साथ ही अश्लील एवं फूहड़ गीत-संगीत पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से एक-दूसरे के धर्म और आस्था का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।डीएसपी श्री कुमार ने जानकारी दी कि थाना क्षेत्र को विभिन्न सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा लगातार गश्ती की जाएगी। जबरन रंग-गुलाल लगाने से परहेज करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की गई।बैठक में उपस्थित गण्यमान्य लोगों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मनिहारी की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि मनिहारी की सामाजिक समरसता जिले में मिसाल रही है और इसे हर हाल में कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।इस अवसर पर उस घटना का भी जिक्र किया गया जब ईद के दिन नारायणपुर में छठ व्रत के लिए गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई थी। उस समय ईद की नमाज अदा करने जा रहे नमाजियों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए ट्रॉली के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर उनकी जान बचाई थी। इस उदाहरण के माध्यम से आपसी सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को आगे बढ़ाने पर बल दिया गया।बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी ऋषिकेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार, पुलिस निरीक्षक पप्पू कुमार, थानाध्यक्ष पंकज आनंद, नगर स्वच्छता पदाधिकारी आरूष कुमार, एसआई नीरज कुमार निराला, भाजपा नेता कैलाश सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता आलमगीर, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष बिनोद सिंह, साजिद, मुन्ना रजक, मुखिया जार्जिस आलम, राजेंद्र उर्फ गोला सिंह, जाकिर अंसारी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।

Previous post उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिंघौल के छात्र-छात्राओं को भागलपुर परिभ्रमण कराया -बस को हरी झंडी दिखाकर प्रधानाध्यापक हारून रशीद ने किया रवाना
Next post खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी की जन सुनवाई, 5 आवेदन प्राप्त
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial