आग मे दो दर्जन घर का जलकर राख आशियाना, लाखों कि संपत्ति जलकर हुई खाक ।
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला थाना क्षेत्र के गंगा पार गोबराही दियरा के घाट टोला में सोमवार की दोपहर अचानक आग लगने से देखते ही देखते दो दर्जन घर जलकर खाक हो गया। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर गोबराही दियारा के घाट टोला के एक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग बेकाबू होकर एक घर के बाद एक में लगते-लगते लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक घरों को अपने आगोश मे ले लिया।भीषण आग से गांव में चारो तरफ अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। लोग जान बचाकर घरों से निकल कर भागने लगे। आग की लपटें तथा तपिश से ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। आग लग गई,आग लग गई कि चीख-पुकार से आस-पास के ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए लेकिन आग इतनी भयानक थी कि ग्रामीणों के द्वारा आग बुझा पाना काफी मुश्किल हो रहा था। वही सुदूर दियारा क्षेत्र होने तथा आवागमन का कोई साधन न होने के कारण प्रशासन के द्वारा भी कोई राहत कार्य नहीं हो पा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों के मदद से लगभग 3 घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया था। इस अगलगी में अनुमानित लगभग 15 लाख की क्षति का आकलन किया जा रहा है ।इस बाबत पीड़ित परिवार मोगल महतो,वीरेन महतो,योगी महतो पप्पू महतो,रामस्वरूप महतो, अशोक महतो,सदा महतो,विजय महतो,महेंद्र महतो,सिंदूल महतो गोधन महतो,मांझी महतो ने बताया कि आग ने सबकुछ लील लिया। घर में रखे हुए अनाज, कपड़े,बर्तन,बिछावन तथा नगदी गहना एवं जेवर जलकर खाक हो गए। घर मे अनाज,खाने-पीने की सामग्री,चौकी ,खटिया , बर्तन ,जरूरी कागजात भी जलकर खाक हो गया। इस बाबत ग्रामीणों ने बताया कि खाना बनाने के क्रम में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालाँकि आग लगने के वास्तविक कारण का पता नही चल पाया है। घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को दी गई है। वहीं उप प्रमुख रंजीत महतो ने अग्नि पीड़ितों को अविलंब सरकार द्वारा अनुदान राशि देने की मांग की है।
