बकरीद पर्व को लेकर रौतारा थाना में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
(डेस्क|हसनगंज )
कोढ़ा प्रखंड स्थित रौतारा थाना परिसर में आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रौतारा थाना अध्यक्ष लालसार बिंद ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराना था। प्रशासन की ओर से उपस्थित लोगों से अपील की गई कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व मनाएं और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। थाना अध्यक्ष लालसार बिंद ने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक पोस्ट से सावधान रहने की आवश्यकता है। किसी भी तरह की संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस प्रशासन को जानकारी देने की अपील भी की गई। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि कोढ़ा एवं रौतारा क्षेत्र हमेशा से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक रहा है तथा सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर हर पर्व को मनाते आए हैं। वक्ताओं ने कहा कि समाज में शांति बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और इसमें सभी को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों की निगरानी एवं पर्व के दौरान साफ-सफाई सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों एवं माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे, शांति एवं सौहार्द के साथ बकरीद पर्व मनाने का संकल्प लिया। बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई और लोगों ने प्रशासन की पहल की सराहना की।
