November 12, 2026

मनिहारी नगर में सड़क किनारे अस्थाई कूड़ा डंपिंग से लोगों को हो रही भारी परेशानी, स्थाई समाधान की मांग।

Read Time:3 Minute, 18 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

मनिहारी नगर क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर सड़क के किनारे बनाए गए अस्थाई कूड़ा कचरा डंपिंग प्वाइंट से क्षेत्र के लोगों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नगर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए भले ही कई कार्यक्रम चल रहे हों, लेकिन सड़क किनारे कूड़ा डंपिंग ने इन प्रयासों को निष्फल बना दिया है। यह स्थिति नगर पंचायत के ‘स्वच्छ और सुंदर मनिहारी’ के सपने को धूमिल कर रही है।नगर में कूड़े के लिए स्थाई डंपिंग की व्यवस्था न होने से अस्थाई डंपिंग प्वाइंट लोगों के लिए सिरदर्द बन चुका है। मुख्य मार्ग के नया टोला इलाके के पास सड़क के एक किनारे पर बने गड्डे नुमा स्थल में नगर के सभी 15 वार्डों का कचरा डंप किया जा रहा है। इस जगह के आसपास रहने वाले मेदनीपुर के कटाव पीड़ित पुनर्वास की आस में सालों से बसे हुए हैं। इसके अलावा, इस डंपिंग प्वाइंट से 50-100 मीटर की दूरी पर ही ऑक्सीजन प्लांट और अनुमंडलीय अस्पताल भी स्थित हैं, जो स्वास्थ्य के लिहाज से और भी खतरनाक स्थिति पैदा कर सकता है।ऐसे डंप किए गए कचरे से उठने वाली दुर्गंध से स्थानीय लोग, राहगीर और मरीजों को भारी असुविधा हो रही है। मुख्य मार्ग होने के कारण यहां से गुजरने वाले लोग इस अव्यवस्था को देखकर नाराज हैं, लेकिन प्रशासन के खिलाफ खुलकर बोलने से लोग कतराते हैं।नगर पंचायत की ओर से ई-रिक्शा, टिपर और ट्रैक्टर के माध्यम से कूड़ा इकट्ठा कर इस जगह पर डंप किया जाता है, और फिर जेसीबी से कचरे को समतल कर दिया जाता है। स्थानीय लोग लंबे समय से स्थाई डंपिंग प्वाइंट की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें इस बदबूदार स्थिति से निजात मिल सके। इसके बावजूद नगर प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे लोग प्रशासन की निष्क्रियता पर नाराजगी जता रहे हैं।इस समस्या को लेकर लोगों में गुस्सा तो है, लेकिन वे खुलकर सामने आने से बच रहे हैं। प्रशासन की मूकदर्शक भूमिका और लोगों की लगातार बढ़ती असुविधा ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द इस कूड़े के लिए स्थाई डंपिंग प्वाइंट बनाने की मांग की है।

Previous post छठ पर्व के लिए मनिहारी में गंगा स्नान हेतु स्पेशल ट्रेन की मांग।
Next post शरद पूर्णिमा पर नगर में निकली भव्य कलश शोभायात्रा, बूढ़ी मां की पूजा में शामिल हुए कई गणमान्य।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial