पंचायत समिति की बैठक में समस्याओं का लगा अंबार
प्राणपुर (मोहम्मद आरिफ)
प्राणपुर प्रखंड मुख्यालय प्रांगण के सभा कक्ष भवन में सोमवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रमुख अमित शाह की अध्यक्षता में हुई।जिसमें संबंधित विभाग के अधिकांश पदाधिकारी की अनुपस्थित पर आक्रोशित जनप्रतिनिधियों द्वारा सवाल उठाए जाने पर प्रस्ताव में अंकित किया गया। बीडीओ नैमिष कुमार ने अनुपस्थित संबंधित विभाग के सभी पदाधिकारी से शो काउज पूछने एवं एक दिन का वेतन काटने का सदन को आस्वस्त किया। छह माह बाद आहूत पंचायत समिति की सामान्य बैठक में जनप्रतिनिधियों ने समस्याओं का अंबार लगाया। सर्वप्रथम सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में लाभा में संचालित अवैध रूप से अस्पताल एवं अल्ट्रासाउंड की जांच की मांग की। प्रत्येक दिन अनहोनी होने की शिकायत भी की गई। अवैध रूप से संचालित अस्पताल के संचालक द्वारा मनमानी का जमकर आरोप लगाया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इसके पूर्व भी कई बार शिकायत की गई थी जिला पदाधिकारी द्वारा जांच टीम गठित किया गया था। जांच टीम में बीडीओ,स्वास्थ्य प्रभारी आजमनगर एवं प्राणपुर,थाना अध्यक्ष सम्मिलित थे। जांच टीम द्वारा जांचोंपरांत अवैध रूप से संचालित अस्पताल एवं अल्ट्रासाउंड को सील किया तथा कारवाई करने की बात कही थी।किंतु अस्पताल के संचालक से मुलाकात के बाद पदाधिकारी ने समझौता कर लिया। इसके बाद संचालकों का मनमानी 5 गुना बढ़ गया। जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से कहा की जांच के बाद संचालकों द्वारा मनमानी बढ़ने से आम आदमी को काफी आर्थिक क्षति हो रही है। उत्तरी लालगंज पंचायत के मुखिया तनवीर अहमद ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को धरातल पर नहीं उतारने का श्रेय संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का सपना सिर्फ सपना बनकर रह गया है। पंचायतों में आरटीपीएस काउंटर एवं बायोमेट्रिक मशीन विभागीय पदाधिकारियों के कारण औचित्यहीन बना हुआ है। पदाधिकारी एक माह पूर्व सभी पंचायतों के मुखिया को वरीय पदाधिकारी का डर दिखाकर पंचायत भवन में बायोमेट्रिक मशीन लगवा दिया। किंतु आज तक शोभा की वस्तु बना हुआ है। मुखिया ने सदन में कहा कि उत्तरी लालगंज पंचायत में नल जल योजना के तहत 15 वार्डों में कुल 17 टंकी लगा हुआ है। सभी टंकी शोभा की वस्तु बनी हुई है।इस क्षेत्र में नल जल योजना बहुत बड़ी समस्या है, नकेल कसना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रखंड में नल जल योजना बहुत बड़ा घोटाला है। जिसकी जांच होनी चाहिए। एनओसी का भी मामला जमकर उठा। जन प्रतिनिधियों ने कहा की गाइडलाइन के अनुसार एनओसी अंचल से मिलना चाहिए। पंचायत समिति सदस्य इनामुल हक, सुनील शर्मा एवं अनिल मंडल ने प्राणपुर एवं रोशना थाना में जनप्रतिनिधियों को सम्मान नहीं देने का सवाल उठाया। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, पीएचडी, अंचल , प्रखंड आदि विभागों से संबंधित दर्जनों सवाल जनप्रतिनिधियों ने उठाया।विभागीय पदाधिकारी के नहीं रहने के कारण जनप्रतिनिधियों को सवाल का जवाब नहीं मिल सका। बैठक में उप प्रमुख मोहम्मद रफीक, सांसद प्रतिनिधि मोहम्मद सऊद आलम, बीपीआरओ श्रेय वत्स,महिला प्रसार पदाधिकारी आभा सिंह, सीडीपीओ सहित मुखिया तनबीर अहमद, मोहम्मद मुजाहिद,जुलूम सिंह,रोशन कुमार, अब्दुल मन्नान एवं पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।
