November 10, 2026

नेताओं की चुप्पी से हालात बिगड़े, प्रशासन ने देर से संभाली स्थिति – पप्पू यादव

Read Time:4 Minute, 42 Second

बाबाओं द्वारा मंच पर किया जाने वाला ब्लैक मैजिक गरीबों के लिए ख़तरनाक – सांसद कटिहार।

प्रवीण कुमार ( कटिहार)

सांसद पप्पू यादव ने मोहर्रम के दिन कटिहार में हुए सांप्रदायिक तनाव को लेकर प्रशासन और नेताओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सैकड़ों अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर दिया गया, जबकि असली गलती प्रशासन की थी। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में फोर्स की तैनाती नहीं की। बाहर से साजिशकर्ता बुलाए गए, स्थानीय लोगों ने झगड़ा नहीं किया। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि कुछ लोग बार-बार ऐसी घटनाएं कर अपनी दुकान चला रहे हैं। जब तक ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक शांति नहीं लौटेगी। उन्होंने कहा कि जो संगठन हर बार ऐसे मौके का फायदा उठाते हैं, उन पर केस दर्ज होना चाहिए। गिरफ्तारी होनी चाहिए। कहा कि अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर दिया गया है। अब पुलिस जिसे चाहेगी, उसे परेशान करेगी। जिससे दुश्मनी होगी, उसे फंसा देगी। उन्होंने मांग की कि कार्रवाई सिर्फ सीसीटीवी और लोकेशन के आधार पर हो। जिनका चेहरा सीसीटीवी में नहीं है, उन्हें न फंसाया जाए। पप्पू यादव ने कहा कि कटिहार के लोग शांतिप्रिय हैं। कुछ मनचलों की वजह से अमन बिगाड़ने की कोशिश हुई। बाद में अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाई, लेकिन नेताओं की संवेदना नहीं दिखी। अगर नेता मजबूत होते, तो घटना एक घंटे में रोकी जा सकती थी। उन्होंने कहा कि कटिहार में कोई ऐसा नेता नहीं दिखा, जिसका जनता से भावनात्मक जुड़ाव हो। नेता चाहते तो हालात काबू में आ सकते थे, लेकिन उन्होंने चुप्पी साधे रखी।अंधविश्वास से हत्या, नेताओं-बाबाओं पर भड़के पप्पू यादव : पूर्णिया में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या के मामले में सांसद पप्पू यादव ने अंधविश्वास को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि देश में बाबाओं द्वारा मंच पर किया जाने वाला ब्लैक मैजिक, छूमंतर, पर्ची निकालना, हनुमान जी से बात करना, ‘हेलो हनुमान जी हेलो’ जैसे तमाशे गरीबों के लिए खतरनाक हैं। पप्पू यादव ने कहा कि अंधविश्वास को नेताओं, अधिकारियों और बड़े लोगों ने बढ़ावा दिया है। विज्ञान का कोई मतलब नहीं रह गया है। चीन तेजी से आगे बढ़ रहा है और हम ताली बजा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि कोरोना के समय ताली बजवाई गई। अमिताभ बच्चन से इसकी शुरुआत करवाई गई। पढ़े-लिखे लोग भी ताली बजा रहे थे। लोगों को लगा कि ताली बजाने से कोरोना भाग जाएगा। उन्होंने खुलासा किया कि एक पूर्व कैबिनेट मंत्री जादू-टोने में लगा हुआ है। जब नेता और अधिकारी खुद जादू-टोने में विश्वास करेंगे, बाबाओं के मंच पर गणेश परिक्रमा करेंगे, तब अंधविश्वास कैसे रुकेगा। पप्पू यादव ने मांग की कि जो लोग ऐसे बाबाओं के मंच पर चढ़कर परिक्रमा करते हैं, उनके खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंधविश्वास फैलाने में बाबाओं, नेताओं और पैसे वालों की बड़ी भूमिका है। मौके पर सांसद प्रतिनिधि नैयर मसूद खान, अरुण सिंह, तौसीफ अख्तर,चंदनयादव,रवि यादव,अब्दुल, ललन यादव, सज्जाद आलम,राजेश यादव, मंटू यादव, दिवाकर यादव सहित कई समर्थक मौजूद थें।

Previous post खड़ी हाईवा से बाइक चालक टकराया, घायल ।
Next post जनता दल युनाइटेड महानगर ने जन-जागरूकता अभियान चलाया
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial