November 8, 2026

मनिहारी विधानसभा से जनसुराज के बबलु सोरेन ने भरा नामांकन, समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

Read Time:2 Minute, 36 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर मनिहारी क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। शनिवार को जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी बबलु सोरेन ने अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व बबलु सोरेन अपने समर्थकों के साथ विधानसभा क्षेत्र के मनसाही से एक जुलूस के रूप में अनुमंडल कार्यालय परिसर पहुंचे। समर्थकों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत सिर्फ प्रत्याशी, प्रस्तावक और कुछ चुनिंदा कार्यकर्ताओं को ही कार्यालय परिसर में प्रवेश की अनुमति दी।नामांकन दाखिल करने के बाद बाहर निकलते ही समर्थकों ने बबलु सोरेन का माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया और “जनसुराज पार्टी जिंदाबाद” के नारे लगाए। इस अवसर पर बबलु सोरेन ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वे पार्टी के दिशा-निर्देशों पर अनुशासनपूर्वक कार्य करेंगे और जनता का आशीर्वाद प्राप्त कर मनिहारी में बदलाव और विकास की नई शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि जनसुराज पार्टी जनता की आवाज़ को सदन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।इस मौके पर विधानसभा प्रभारी प्रद्युम्न ओझा, अनुमंडल अध्यक्ष संजीव कुमार देव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। अनुमंडल परिसर में नामांकन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। पुलिस बल की तैनाती के साथ पूरे परिसर की निगरानी की गई। बताया गया कि तेरह अक्टूबर से बीस अक्टूबर तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी। मनिहारी विधानसभा से यह पहला नामांकन दाखिल किया गया है, जिससे चुनावी माहौल अब पूरी तरह गर्म हो गया है।

Previous post दीपावली तथा छठ महापर्व को लेकर शांति समिति की बैठक
Next post आशा सुमन ने जदयू से नाता तोड़कर स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में नाम जदी का पर्चा किया दाखिल
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial