June 21, 2026

कुरसेला में घने कोहरे और बढ़ती ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त

Read Time:3 Minute, 49 Second

सुबह से ही चारों ओर कोहरे की चादर, दृश्यता बेहद कम, यातायात प्रभावित।

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कुरसेला प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों घने कोहरे और लगातार बढ़ रही ठंड ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से ही पूरा इलाका कोहरे की घनी चादर में लिपटा हुआ है। कोहरे के कारण दृश्यता इतनी कम हो जा रही है कि कुछ दूरी पर खड़े वाहन और लोग भी मुश्किल से दिखाई दे रहे हैं। इसका सीधा असर सड़क यातायात, जनजीवन और रोजमर्रा की गतिविधियों पर पड़ रहा है।राष्ट्रीय राजमार्ग-31 सहित स्टेट हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई है। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर और बेहद सतर्कता के साथ गाड़ियां चला रहे हैं। ट्रक, बस और अन्य भारी वाहन बेहद धीमी गति से चल रहे हैं, जिससे कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बन जा रही है। वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। कई जगहों पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।सुबह और देर शाम के समय हालात और भी ज्यादा गंभीर हो जा रहे हैं। कोहरे के साथ चल रही ठंडी पछुआ हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। ठंड के बढ़ते प्रभाव से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर और बाजार जाने वाले लोगों को सुबह-सुबह कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच निकलना पड़ रहा है। कई लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।ठंड का सबसे ज्यादा असर गरीब, असहाय और जरूरतमंद तबके पर देखने को मिल रहा है। खुले में रहने वाले लोग, मजदूर और सड़क किनारे जीवन यापन करने वालों के लिए ठंड एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। सुबह-शाम सड़कों और चौक-चौराहों पर लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिख रहे हैं।मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है।मिली जानकारी के अनुसार न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। साथ ही लगभग 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवाओं के कारण ठंड का असर और तेज हो गया है। विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कोहरे और ठंड के बने रहने की संभावना जताई है।मौसम की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया है। ठंड से बचाव को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करें। प्रशासन की ओर से जरूरतमंदों के लिए राहत व्यवस्था को लेकर भी तैयारियों की बात कही जा रही है।

Previous post प्रधानाध्यापक ने वर्ग कक्ष तथा कार्यालय को सुसज्जित रूप से व्यवस्था कर अच्छे स्वरूप में लाने का कार्य किया, सभी शिक्षकों के द्वारा एकरूपता से पठन-पाठन प्रारंभ कराया: मो0 हामिद शमशी
Next post करणपुर, कचना एवं बीघोर स्थित स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial