June 21, 2026

शिक्षक द्वारा उपस्थिति पंजी में कथित छेड़छाड़ एवं अनुशासनहीन आचरण के मामले मांगी स्पष्टीकरण

Read Time:3 Minute, 5 Second

बरारी (सुमन सोनी)

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बरारी द्वारा एक विद्यालय शिक्षक से उपस्थिति पंजी में कथित छेड़छाड़ एवं अनुशासनहीन आचरण के मामले में 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल विद्यालय गुरुनानक कन्या उच्च विद्यालय गुरुबाजार बरारी तथा प्रतिनियुक्त विद्यालय उत्क्रमित मध्य विद्यालय लक्ष्मीपुर कावर, बरारी में पदस्थापित शिक्षक अनिल कुमार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसमें शिक्षक की उपस्थिति पंजी एवं दो फोटोग्राफ की जांच की गई।जांच में यह पाया गया कि संबंधित शिक्षक द्वारा दिनांक 04 सितंबर 2025 को आकस्मिक अवकाश दर्ज रहने के बावजूद उपस्थिति पंजी में छेड़छाड़ कर फर्जी उपस्थिति दर्ज की गई। साथ ही प्रस्तुत फोटोग्राफ के अवलोकन से यह भी स्पष्ट हुआ कि एक तस्वीर में विद्यालय कक्ष में रसोईयों के माध्यम से एमडीएम का भोजन करते हुए शिक्षक दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में विद्यालय संचालन अवधि के दौरान लगभग 11 बजे पूर्वाह्न में सोते हुए पाए गए।प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने पत्र में इसे घोर लापरवाही, मनमानी एवं विभागीय निर्देशों की अवहेलना बताया है। साथ ही कहा गया है कि इस प्रकार का कृत्य बिहार सेवा संहिता 1976 एवं बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली 2011 के विरुद्ध है, जो किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित शिक्षक को निर्देश दिया है कि वे साक्ष्य सहित प्रधानाध्यापक के माध्यम से 24 घंटे के भीतर कार्यालय में अपना स्पष्टीकरण समर्पित करें। अन्यथा की स्थिति में विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा जिला कार्यालय को भेज दी जाएगी।इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि संबंधित प्रधानाध्यापक, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

Previous post सुशासन सप्ताह प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत एक जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन।
Next post नागरिक संघर्ष समिति द्वारा अलाव की मांग
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial