April 6, 2026

इंदिराग्राम में भीषण अगलगी, तीन घर जलकर राख, 50 हजार नगद सहित करीब दो लाख की संपत्ति स्वाहा, अलाव से आग लगने की आशंका

Read Time:3 Minute, 2 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कुरसेला नगर पंचायत के इंदिराग्राम में शनिवार की देर रात अचानक भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन घर जलकर राख हो गए। इस अगलगी की घटना में लगभग 50 हजार रुपये नगद सहित करीब दो लाख रुपये मूल्य के घरेलू सामान के जलने की बात बतायी जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत के इंदिराग्राम स्थित मवेशी अस्पताल के समीप निर्मला देवी एवं मुकेश कुमार के मवेशी बथान के पास अलाव जलाया गया था। देर रात घर के सभी सदस्य सोने चले गए। इसी दौरान रात करीब 12 बजे अचानक घर में आग लग गई।घर में सो रहे लोगों की नींद जब आग की तेज तपिश से खुली तो देखा कि घर में चारों तरफ आग फैल चुकी है। इसके बाद घर के सदस्य चिल्लाते हुए बाहर निकले और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। आग की तेज लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के बाजार और इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में लेने लगी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बाल्टी व डब्बों के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद इसकी सूचना कुरसेला थाना को दी गई।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तथा फायर ब्रिगेड की टीम मिनी दमकल के साथ मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया। हालांकि तब तक तीन घर जलकर पूरी तरह खाक हो चुके थे।इस घटना में घर में रखा गेहूं, साइकिल, 50 हजार रुपये नगद सहित अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।इधर घटना की जानकारी मिलते ही कुरसेला अंचल पदाधिकारी सुश्री अनुपम भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Previous post ड्राइवरों की 10 सूत्री मांगों को लेकर कुरसेला में बैठक, कार्यालय का हुआ उद्घाटन
Next post देवीपुर चौक के पास भीषण सड़क हादसा : वृद्ध की मौत, चालक सहित छह घायलपिकअप की टक्कर से पलटा टेंपू
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial