देवीपुर चौक के पास भीषण सड़क हादसा : वृद्ध की मौत, चालक सहित छह घायलपिकअप की टक्कर से पलटा टेंपू
सदमे से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में की तोड़फोड़ कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर रविवार की दोपहर देवीपुर चौक के समीप तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर में एक वृद्ध लालचंद खैरा निवासी सिकंदर मंडल (70) वर्ष की मौत हो गयी। जबकि चालक सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।मिली जानकारी के अनुसार एनएच-31 पर कुरसेला से डूमर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने समेली की ओर से कुरसेला आ रहे टेंपू को पिछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपू अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया और पलट गया। दुर्घटना के समय टेंपू पर करीब दस लोग सवार थे।हादसे में समेली थाना क्षेत्र के लालचंद खैरा निवासी सिकंदर मंडल (70) वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि टेंपू चालक सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में चालक प्रदीप कुमार (32) वर्ष निवासी डूमर बकिया, धुसरी देवी (50) वर्ष निवासी डूमर, जानकी देवी (35) वर्ष तथा उनका पुत्र गणेश कुमार (16) वर्ष निवासी समेली ठाकुरबाड़ी, संगीता देवी (28) वर्ष और मनीष कुमार (28) वर्ष निवासी भैंसदियारा शामिल हैं।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरसेला पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सिकंदर मंडल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और टेंपू को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया गया।इधर, वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में सदमे से आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कुछ देर के लिए हंगामा करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान अस्पताल के एक गेट का शीशा तोड़ दिया गया तथा सलाइन स्टैंड को भी पटककर क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गई। हंगामे के दौरान एक युवक का हाथ भी जख्मी हो गया। जिसके बाद उसे भी रेफर कर दिया गया।पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
