आईजी शिवदीप लांडे का मनिहारी दौरा, अपराध नियंत्रण पर ग्रामीणों से चर्चा
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
पूर्णिया रेंज के आईजी शिवदीप लांडे शुक्रवार की सुबह मनिहारी पहुंचे, जहां उन्होंने दियारा क्षेत्र से सटे इलाकों का दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य अपराध की बढ़ती घटनाओं पर नियंत्रण और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना था। आईजी लांडे ने इन इलाकों में रहने वाले सैकड़ों ग्रामीणों से मुलाकात की, उनसे क्षेत्र में होने वाले अपराधों और उनकी प्रवृत्तियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों से अपराध रोकने के लिए सुझाव भी मांगे और पुलिस की तरफ से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।इस दौरे के दौरान शिवदीप लांडे ने मवेशी पालक किसानों और कई व्यवसायियों से बातचीत की और उन्हें क्षेत्र में पुलिस की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होगी और किसी भी तरह के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आईजी ने स्थानीय युवाओं से भी मुलाकात की और उन्हें पुलिस की भूमिका और सहयोग के बारे में जागरूक किया।शिवदीप लांडे ने कहा कि अपराध खत्म करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को यह भरोसा दिलाया कि वे निडर होकर अपना काम करे, क्योंकि पुलिस उनके साथ है। उन्होंने अपराधियों पर कड़ी नजर रखने और ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।गौरतलब है कि दियारा क्षेत्र में “काला हीरा” के नाम से प्रसिद्ध कलाई की फसल अगले दो महीने में कटाई के लिए तैयार होगी। इस मौके पर शिवदीप लांडे ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी फसल पर किसी आपराधिक तत्व की नजर नहीं पड़ेगी। उन्होंने वादा किया कि पुलिस सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेगी, ताकि किसान निश्चिंत होकर अपनी फसल की देखभाल कर सकें।शिवदीप लांडे के इस दौरे से दियारा से सटे इलाकों के लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है और वे अपनी फसलों और व्यवसाय के प्रति अधिक आश्वस्त महसूस कर रहे हैं।
