August 28, 2026

प्रशासनिक कुशल प्रबंधन से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ मनिहारी का श्रावणी मेला, प्रबुद्धजनों ने जताया आभार

Read Time:2 Minute, 51 Second

रतन कुमार ओझा (मनिहारी)

मनिहारी गंगातट पर आयोजित श्रावणी मेला प्रशासन के कुशल प्रबंधन, बेहतर समन्वय और जनप्रतिनिधियों व कर्मियों की सक्रिय भागीदारी के कारण शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न हो गया। मेले के सफल आयोजन पर क्षेत्र के समाजसेवियों एवं प्रबुद्धजनों में प्रद्युम्न ओझा, बिरेंद्र सिंह, मिथलेश झा, सहित दर्जनों लोगों ने जिला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत और सफाईकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा के सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की है। श्रावणी मेले के आरंभ में ही जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने मनिहारी गंगातट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। वरीय अधिकारियों के निर्देश के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी मनिहारी त्रिलोकी नाथ सिंह एवं प्रभारी डीएसपी आशिफ आलम के नेतृत्व में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने बेहतर समन्वय के साथ मेले की व्यवस्थाओं को संभाला। प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी सोनू गुप्ता, अंचल अधिकारी चंदन कुमार तथा थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने अपने-अपने दायित्वों का सक्रियतापूर्वक निर्वहन किया। बेहतर प्रबंधन के कारण लाखों श्रद्धालुओं ने मनिहारी गंगातट पर पहुंचकर गंगा स्नान किया और भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धापूर्वक जलभरण किया।नगर स्वच्छता पदाधिकारी आरूष कुमार भी स्वच्छता कर्मियों के साथ लगातार सक्रिय रहे। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद शहर एवं प्रमुख मार्गों की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर प्रशासन सफल रहा। सफल श्रावणी मेला आयोजन को प्रशासनिक समन्वय, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और कर्मियों की सतत मेहनत का परिणाम बताया जा रहा है।

Previous post भाई-बहन के अटूट प्रेम के साथ जिले में मनाया गया रक्षाबंधन
Next post आंगनबाड़ी केंद्र की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, वार्ड सदस्य ने CO से कार्रवाई की मांग
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial