सांसद तारीक अनवर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत शिविरों का लिया जायजा।
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
मनिहारी में स्थानीय सांसद तारीक अनवर ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में जल मार्ग से पहुंचकर बाढ़ से प्रभावित लोगों का हाल जाना और उनके समस्याओं से अवगत हुए। कटिहार से अहले सुबह मनसाही होते हुए अपने समर्थकों के साथ दिलारपुर के मोती ढाला पहुंचकर मोटर नाव से नगर पंचायत स्थित सिंगल टोला, मेदनीपुर पहुंचे। मेदनीपुर में प्रशासन द्वारा संचालित राहत शिविरों का जायजा लिया और लोगों का हाल जाना। तत्पश्चात मोटर नाव से बघार पंचायत के मिर्जापुर गांव पहुंचे जहां प्रभावित लोगों ने अपनी समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। मिर्जापुर स्थित हिंदू बहुल गांव में पितृपक्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद तैयार मछली चावल ग्रहण कर कटिहार चले गए। मनिहारी के बाद पहले से अमदाबाद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करना था जहां उम्मीद भरी निगाहों से सांसद का इंतजार किया जा रहा था परन्तु ऐन मौके पर अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम निरस्त करना पड़ा। अमदाबाद से आये जुझारू कार्यकर्ता सरदार खान भारी मन से अमदाबाद बिना सांसद के ही लौट गए। इधर पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्व सांसद प्रतिनिधि ऐनुल अंसारी अपने स्थानीय कांग्रेसियों के साथ सांसद का इंतजार करते रहे और ऐन वक्त पर कार्यक्रम में बदलाव के कारण मुलाकात नही होने पर विफर पड़े। उन्होंने अमदाबाद का दौरा रद्द किए जाने पर खेद व्यक्त किया।इस अवसर पर विधायक मनोहर प्रसाद सिंह, कांग्रेस नेता व भूतपूर्व विधायक पुत्र गोपाल कृष्ण यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील यादव, दिलीप विश्वास, मुखिया सउद , सिकंदर मंडल,मो शेरू, शेख नौशाद आलम,सरोज यादव, सोनू यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
