समेली प्रखंड में बाढ़ के बढ़ती धारा में चार युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत, गांव में छाया मातम।
कटिहार (रतन कुमार ओझा)
बिहार के कटिहार जिले के समेली प्रखंड के चकला मौला गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें पांच युवकों में से चार की बाढ़ की तेज धार में डूबने से मौत हो गई। यह घटना समेली हाल्ट स्टेशन के पास गोलैया धार में हुई, जहां ये युवक परिवार को बिना बताए नहाने के लिए गए थे। बाढ़ के तेज प्रवाह में बह जाने से चार युवक पानी में डूब गए, जबकि पांचवां युवक, ओम कुमार, किसी तरह से अपनी जान बचाने में सफल रहा।ओम कुमार ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पानी में डूबे युवकों को निकाला और उन्हें समेली के समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां पहुंचते ही चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार ने चारों युवकों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों में शामिल अभिजीत कुमार, पिता चंदन मंडल सौरभ कुमार, पिता मंटु मंडल,हिमांशु प्रिंस, पिता श्रवण कुमार, दीपक पंडित, पिता चंदन पंडित है।सभी मृतक युवक एक ही गांव के निवासी थे और कक्षा नौवीं के छात्र थे। परिजनों ने बताया कि इन युवकों को तैरना नहीं आता था, और सभी अपने परिवारों के ज्येष्ठ पुत्र थे।घटना की सूचना मिलते ही पोठिया पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर अरविंद कुमार, नवल किशोर और डौली कुमारी अपनी टीम के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।इधर, इस हादसे की खबर से गांव में मातम फैल गया है और ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी संख्या में जुटकर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है, और पूरा वातावरण चिख-पुकार से गूंज उठा है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे की मांग की है, लेकिन खबर लिखने तक अंचलाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे थे।इस बीच, क्षेत्र के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी कुंदन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
