भाकपा माले ने देशव्यापी फिलिस्तीन एकजुटता दिवस पर निकाला एकजुटता मार्च
बारसोई (मनोरंजन साहा)
भाकपा माले ने कटिहार जिला के बारसोई नीमतल्ला चौक पार्टी कार्यालय से मस्जिद चौक तक फिलिस्तीन एकजुटता मार्च निकाल कर तत्काल युद्धविराम की मांग की है। मस्जिद चौक पर सभा को संबिधित करते हुए भाकपा माले विधायक दल के नेता व स्थानीय माले विधायक महबूब आलम ने कहा कि फिलिस्तीन पर लगातार जारी इजरायली हमले के एक साल पूरे हो रहे हैं. अब तक एक लाख से ज़्यादा बेगुनाह जानें जा चुकी हैं और लाखों घायल हैं जिनमें ज्यादातर बच्चे व महिलाएं शामिल हैं. उधर भारत की विदेश नीति की धज्जियां उड़ाते हुए केंद्र की मोदी सरकार इजरायल को समर्थन देने का काम कर रही है यह भारतीय नीति के लिए बेहद खतरनाक है।उन्होंने आगे संबोधित करते हुए कहा कि अमरीका समेत अन्य साम्राज्यवादी देशों की मदद से ‘आत्मरक्षा’ के नाम पर किया जा रहा यह एक खुला जनसंहार है. एक समूचे देश के वजूद को मिटा देने की कोशिश है. युद्ध व मानवाधिकार से जुड़े तमाम अंतरराष्ट्रीय नियम , मान्यताएं व शांति अपील की धज्जियां उड़ती रही हैं. अब पेजर और संचार के अन्य तकनीक का भयानक इस्तेमाल करते हुए इजरायल ने लेबनान तक इस हमले का विस्तार कर दिया है. कुल मिलाकर जुल्म और अन्याय के एक भयानक दौर के हम गवाह बन रहे हैं. ऐसे में दुनिया भर में लाखों लोग सड़कों पर आकर न सिर्फ़ इसका विरोध करते हुए तत्काल शांति की मांग करते रहे हैं बल्कि अपनी सरकारों पर फिलिस्तीनी अवाम के पक्ष में खड़े होने का दबाव भी बनाते रहे हैं.भाकपा माले ने पूरी ताकत से सड़कों पर उतरकर इस ज़ुल्म का विरोध दर्ज करते हुए इसे तत्काल रोकने की मांग करने का देशव्यापी आह्वान किया है. साथ ही मोदी सरकार से यह मांग कर रहे हैं कि इजरायल को हथियारों के निर्यात पर फौरन रोक लगाई जाए और शांति प्रक्रिया की हिमायत की जाए जिससे आज़ाद फिलिस्तीन अस्तित्व में आ सके.मौके पर भाकपा माले नेता जूही महबूब, काज़िम इरफानी, शिव कुमार यादव, फरजुल हक, रमजान अली, पूर्व मुखिया अबुल कलाम, नियाज अहमद अंसारी, रमजान आलम, मंजर आलम, मो. जमील, सरवर आलम, अब्दुल मजीद, आसमा खातून समेत कई लोग मौजूद थे !
