जिले के लोगों द्वारा भविष्य में फाइलेरिया से सुरक्षित रहने के मिल रहे शुभ संकेत
कटिहार जिले में 34 लाख 74 हजार से अधिक लोगों को खिलाई जा रही फाइलेरिया से सुरक्षा की दवा ।
प्रवीण कुमार(कटिहार)
फाइलेरिया एक लाईलाज बीमारी है जिससे ग्रसित होने पर लोगों को जीवनभर उसका दर्द उठाना पड़ता है। ऐसे लाईलाज बीमारी होने से पहले ही उसपर रोक लगाने के लिए जिले के सभी निवासी बिल्कुल तैयार हो गए हैं। इसके लिए सभी लोगों द्वारा फाइलेरिया बीमारी होने से सुरक्षित रहने के लिए सुरक्षा की दवा का सेवन बिल्कुल उत्सुकता से किया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में 10 फरवरी से सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों को घर घर पहुँचकर फाइलेरिया से सुरक्षित रहने के लिए फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया जा रहा है। इसमें 02 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों द्वारा (गर्भवती महिला और गंभीर बीमार लोगों को छोड़कर) स्वास्थ्य कर्मियों के सामने ही दवा का सेवन करते हुए भविष्य में कभी भी फाइलेरिया ग्रसित होने से सुरक्षित रहने का संदेश दिया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ जितेंद्र नाथ सिंह ने कहा कि सभी स्वास्थ्य लोगों द्वारा कम से कम पांच साल तक साल में एक बार फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करने से सम्बंधित लोग भविष्य में फाइलेरिया बीमारी ग्रसित होने से बिल्कुल सुरक्षित रह सकेंगे। पहले से किसी सामान्य व्यक्ति के शरीर में फाइलेरिया के कीटाणु उपलब्ध रहने पर दवा सेवन से संबंधित व्यक्ति को उल्टी, दस्त या चक्कर जैसी समस्या हो सकती है जो कुछ देर में ठीक हो जाती है। इससे संबंधित व्यक्ति के शरीर में उत्पन्न हो रहे फाइलेरिया के कीटाणु शुरुआत में ही नष्ट हो जाते हैं और लाभार्थी भविष्य में फाइलेरिया ग्रसित होने से सुरक्षित हो जाते हैं। सोमवार से जिले के सभी प्रखंडों में चलाए जा रहे फाइलेरिया सुरक्षा की दवा (एमडीए) अभियान के दौरान सभी लोग दवा सेवन के बाद स्वस्थ पाए जा रहे हैं जो जिलेवासियों के लिए शुभ संकेत है कि सम्बंधित लाभार्थी भविष्य में फाइलेरिया बीमारी ग्रसित होने से बिल्कुल सुरक्षित रहेंगे।जिले में 34 लाख 74 हजार से अधिक लोगों को खिलाई जा रही फाइलेरिया से सुरक्षा की दवा :जिला भेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ जे पी सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में 02 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों (गर्भवती महिला और गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को छोड़कर) को फाइलेरिया से सुरक्षा की दवा का सेवन घर घर पहुँचकर कराया जा रहा है। इसके लिए कटिहार जिले के सभी 16 प्रखंडों और शहरी क्षेत्र के रहने वाले 34 लाख 74 हजार 895 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा सेवन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें अहमदाबाद प्रखंड में 01 लाख 90 हजार 777 लोगों, आजमनगर प्रखंड में 03 लाख 27 हजार 147 लोगों, बलरामपुर प्रखंड में 01 लाख 70 हजार 082 लोगों, बारसोई प्रखंड में 03 लाख 41 हजार 346 लोगों, बरारी प्रखंड में 04 लाख 11 हजार 556 लोगों, डंडखोरा प्रखंड में 76 हजार 794 लोगों, फलका प्रखंड में 01 लाख 80 हजार 277 लोगों, हसनगंज प्रखंड में 59 हजार 899 लोगों, कदवा प्रखंड में 03 लाख 69 हजार 693 लोगों, कोढ़ा प्रखंड में 03 लाख 50 हजार 315 लोगों, कटिहार सदर प्रखंड में 99 हजार 436 लोगों, कुर्सेला प्रखंड में 68 हजार 135 लोगों, मनिहारी प्रखंड में 02 लाख 21 हजार 756 लोगों, मनसाही प्रखंड में 01 लाख 04 हजार 711 लोगों, प्राणपुर प्रखंड में 01 लाख 55 हजार 394 लोगों, समेली प्रखंड में 95 हजार 129 लोगों और कटिहार सदर (शहरी) क्षेत्र में 02 लाख 52 हजार 448 लोगों को फाइलेरिया से सुरक्षा की दवा सेवन कराने का लक्ष्य निर्धारित रखा गया है। सभी लोगों को स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उम्र के अनुसार फाइलेरिया रोधी दवा के लिए डीईसी और एल्बेंडाजोल की दवा का सेवन कराया जा रहा है।
