November 9, 2026

मनिहारी गंगा तट पर पांच लाख कांवरियों का जनसैलाब, सुरक्षा में तैनात रहा पूरा प्रशासनिक अमला

Read Time:2 Minute, 2 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

मनिहारी गंगा तट पर शनिवार को सावन पूर्णिमा के पूर्व संध्या पर श्रद्धा और आस्था का विशाल जनसैलाब उमड़ा। सीमांचल के विभिन्न जिलों के साथ-साथ नेपाल से आए करीब पांच लाख कांवरिया श्रद्धालुओं ने गंगाजल उठाकर अपने-अपने क्षेत्र के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए प्रस्थान किया। जिला मुख्यालय कटिहार से भी लगभग पचास हजार युवा कांवरिया दोपहिया वाहनों से गंगा तट पहुंचे। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन ने अनुमंडल भवन, नवाबगंज और नारायणपुर के पास बैरिकेड लगाकर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की। प्रत्येक चेकपोस्ट पर पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती रही।स्वयं एसडीएम त्रिलोकी नाथ सिंह और एसडीपीओ विनोद कुमार ने देर रात तक गंगा तट और नगर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। इससे पूर्व शुक्रवार को कटिहार एसपी शिखर चौधरी ने मनिहारी पहुंचकर अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए थे।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मनिहारी की प्रसिद्ध बोलबम सेवा समिति ने सुबह से देर रात तक भोजन शिविर का आयोजन किया, जिसमें आने वाले कांवरियों को ससम्मान भोजन परोसा गया। पूरा नगर शिव भक्ति और बोलबम के जयघोष से गूंजता रहा, जबकि गंगा तट पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Previous post भजन संध्या में गूंजे शिव भक्ति के स्वर, ज्योति माही ने मंत्रमुग्ध किया, रातभर श्रोता गण थिरकते रहे
Next post नेशनल पब्लिक स्कूल मनिहारी में पेड़ों की रक्षा हेतु अनोखा रक्षाबंधन आयोजन
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial