November 8, 2026

मनिहारी में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, 76.70% मतदान के साथ सात प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद ।

Read Time:2 Minute, 44 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव में मनिहारी क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पूरे विधानसभा क्षेत्र में कुल 380 मतदान केंद्र बनाए गए थे। महिलाओं को प्रोत्साहन देने के लिए प्रत्येक प्रखंड में एक-एक पिंक मतदान केंद्र, अमदाबाद में एक आदर्श मतदान केंद्र तथा मनिहारी प्रखंड में दिव्यांगजनों के लिए एक पीडब्ल्यूडी मतदान केंद्र की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन ने अंतर्राज्यीय नदी सीमा पर विशेष चौकसी बरती, जहां मोटर चालित नावों से सुरक्षा कर्मी लगातार गश्त कर रहे थे।अहले सुबह से ही शहरी तथा ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर मतदाता लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। विशेषकर महिला मतदाताओं का उत्साह उल्लेखनीय रहा, कई केंद्रों पर महिलाओं की कतारें पुरुषों की तुलना में काफी लंबी देखी गईं। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खासा जोश नजर आया।निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा करते रहे। अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह, एसडीपीओ विनोद कुमार, बीडीओ सनत कुमार, बीपीआरओ सोनू कुमार गुप्ता, थानाध्यक्ष पंकज आनंद सहित अन्य अधिकारी पूरे दिन गश्त पर रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए रखी।पूरे दिन शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न होने के बाद मनिहारी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे सात प्रत्याशियों का भाग्य अब ईवीएम में कैद हो गया है। निर्वाचन नियंत्रण कक्ष के आंकड़ों के अनुसार मनिहारी में इस बार कुल 76.70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनावों की अपेक्षा अधिक है। बढ़े हुए मतदान प्रतिशत से उम्मीदवारों और समर्थकों में परिणाम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

Previous post बरारी विधानसभा में 80.38 प्रतिशत मतदान, महिला एवं नए वोटर लिखेंगे तकदीर
Next post कटिहार जिले में लोकतंत्र का महापर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial