June 20, 2026

कुर्सेला पुलिस को मिली सफलता हत्या कांड: गांव में पसरा मातम, एक आरोपी गिरफ्तार, SIT कर रही जांच

Read Time:3 Minute, 1 Second

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से मृतक के ब्लड सैंपल एकत्र कर जांच जारी।

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्सेला चौक पर 1 जनवरी, गुरुवार को हुई सनसनीखेज हत्या के बाद शुक्रवार को पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक का शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं।मृतक की पहचान कटरिया वार्ड संख्या-02 निवासी मिट्ठू कुमार झा (35 वर्ष), पिता स्व. सुबोध कुमार झा के रूप में हुई है। वह अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी देवी और बेटी जानवी को छोड़ गए हैं। पति का शव देखकर पत्नी लक्ष्मी देवी बार-बार बेसुध हो जा रही थीं। वहीं मृतक की मां पूनम देवी ने प्रशासन से अपने बेटे के हत्यारों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है। घटना के बाद से पूरे कुर्सेला प्रखंड में तरह-तरह के चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।बता दे कि गुरुवार को अज्ञात अपराधियों ने कुर्सेला चौक पर गोली मारकर मिट्ठू कुमार झा की हत्या कर दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए कुर्सेला थाना में कांड दर्ज किया गया। प्रथम दृष्टया पुलिस ने इसे आपसी रंजिश का मामला बताया है।पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त नीतीश यादव उर्फ सुगम यादव (30 वर्ष), निवासी कटरिया शाहपुरधर्मी, थाना कुर्सेला को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं । पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है। वहीं परीजनों ने भी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Previous post कुरसेला सीएचसी में 13 महिलाओं का बंध्याकरण ऑपरेशन
Next post कटिहार रेल मंडल में डांस, ड्रामा और म्यूजिक का जलवा, प्रतिभाओं ने जीता दर्शकों का दिल।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial