अधूरा फुटओवरब्रिज बना खतरा, जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करने को मजबूर यात्री
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कटिहार बरौनी रेलखंड के कुरसेला रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का घोर अभाव बना हुआ है। यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। लेकिन बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण यात्रियों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ रही है। स्टेशन पर फुटओवरब्रिज अधूरा रहने के कारण यात्री मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार कर प्लेटफार्म बदलने को विवश हैं। कई बार मालगाड़ी खड़ी रहने की स्थिति में यात्रियों को मालगाड़ी के नीचे से होकर गुजरना पड़ता है, जो किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकता है।मिली जानकारी के अनुसार कुरसेला स्टेशन पर फुटओवरब्रिज का निर्माण कार्य करीब तीन वर्ष पूर्व शुरू कराया गया था। लेकिन अब तक यह कार्य पूरा नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि रेलवे के बिजली तार से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण निर्माण कार्य बीच में ही अटक गया है। कभी काम शुरू होता है तो कभी बंद हो जाता है, जिससे यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।फुटओवरब्रिज अधूरा रहने के कारण स्टेशन के तीन नंबर लाइन पर जाने वाले यात्रियों को भारी जोखिम उठाना पड़ता है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और भी भयावह बनी हुई है। वहीं स्टेशन पर प्लेटफार्म की ऊंचाई कम होने से ट्रेनों पर चढ़ने-उतरने में भी यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार संतुलन बिगड़ने से यात्री गिरकर घायल भी हो चुके हैं।यात्री संजय कुमार ने बताया कि प्लेटफार्म नीचा होने के कारण बुजुर्गों और बच्चों को ट्रेन में चढ़ाने-उतारने में भारी परेशानी होती है। कई बार बड़ी दुर्घटनाएं होते-होते बची हैं। वहीं महिला यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक पार कर स्टेशन आना मजबूरी बन चुका है। मालगाड़ी के नीचे से गुजरते समय हमेशा हादसे का डर बना रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार रेलवे प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। न तो फुटओवरब्रिज का निर्माण कार्य पूरा हुआ है और न ही प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाई गई है।कुरसेला स्टेशन से रोजाना पढ़ाई और नौकरी के लिए कटिहार, नवगछिया सहित अन्य स्थानों पर आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं ने भी जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से अधूरे फुटओवरब्रिज का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।
