बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षक और अभिभावक मिलकर करें प्रयास : SDM
हसन रजा (आबादपुर)
बारसोई प्रखंड अंतर्गत उच्च विद्यालय आबादपुर में बुधवार को शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने तथा उनके बेहतर भविष्य के लिए विद्यालय और परिवार के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।संगोष्ठी को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी राजू कुमार ने कहा कि बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में शिक्षा की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए अभिभावक अपने बच्चों को प्रतिदिन नियमित रूप से विद्यालय भेजें और घर पर भी उनकी पढ़ाई की निगरानी करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई में यदि किसी प्रकार की कमी या परेशानी नजर आती है तो अभिभावक विद्यालय के शिक्षकों से संपर्क कर इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं है। शिक्षक और माता-पिता दोनों मिलकर बच्चों की शिक्षा एवं संस्कार पर ध्यान देंगे, तभी उनके भविष्य को मजबूत बनाया जा सकता है। अभिभावकों और शिक्षकों के बीच निरंतर संवाद बच्चों की पढ़ाई में काफी उपयोगी साबित हो सकता है।वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद ने भी अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति गंभीर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षक बच्चों को शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जबकि परिवार बच्चों को पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराता है। दोनों के बेहतर तालमेल से बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाया जा सकता है।इस अवसर पर भाजपा नेता मिहिर मुखर्जी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष गौतम कुमार, बाउरी, शातन कुमार, नारायण पांडे, सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
