June 26, 2026

प्रखंड में खरीफ धान की कम कीमत से किसानों में नाराज़गी

Read Time:2 Minute, 30 Second

(हसनगंज |डेस्क)

प्रखंड क्षेत्र में इस वर्ष खरीफ धान की कम कीमत मिलने से किसानों में गहरी नाराज़गी देखी जा रही है। किसानों का कहना है कि पिछले वर्ष जहां धान का बाज़ार मूल्य अच्छा था, वहीं इस बार उन्हें उनके परिश्रम के मुताबिक लाभ नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने बताया कि खेती के लिए महंगे बीज, खेतों की अच्छी तैयारी, समय-समय पर खाद और सिंचाई में काफी खर्च होता है। तब जाकर अच्छी फसल तैयार हो पाती है। ग्रामीण इलाकों में मजदूरों की भी भारी किल्लत रहती है, जिससे लागत और बढ़ जाती है। बावजूद इसके फसल का दाम मनमाफिक नहीं मिलने से किसानों की उम्मीदें टूटने लगी हैं। स्थानीय किसान राकेश यादव, फानिस आलम, मो. एजाज, सुबोध विश्वास, राजेंद्र दास, श्रीलाल उरांव, संजय मंडल सहित दर्जनों किसानों ने बताया कि पिछले साल धान 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका था, लेकिन इस वर्ष कीमत घटकर 1700 से 1800 रुपये प्रति क्विंटल रह गई है। किसानों का कहना है कि खाद और दवाइयों की कीमत हर साल बढ़ती जा रही है, जबकि धान के दाम घट रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। किसानों के अनुसार सरकार की ओर से अभी तक कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है, जबकि धान के कम दाम मिलने से विशेषकर ठेके पर जमीन लेकर खेती करने वाले किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। बढ़ती लागत के मुकाबले आय कम होने से खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। इसके साथ ही, बीते दिनों हुई बारिश के कारण क्षेत्र में धान की पैदावार भी प्रभावित हुई है, जिससे किसानों का नुकसान और बढ़ गया है। मंडियों में उचित दाम नहीं मिलने से उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।

Previous post जीविका द्वारा प्रोत्साहित खाद दुकान का हुआ शुभारंभ।
Next post डीआरएम ने कटिहार से कुमेदपुर एवं कटिहार से मुकुरिया पर जारी डबल लाइन निर्माण का किया निरीक्षण
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial