ब्रिज पर एक स्पेन का रैलिंग खिसकने से खतरे का अंदेशा , मिट्टी बोड़ी भरकर किया बैरिकेडिंग।
कुरसेला (राजशेखर जयसवाल)
कुरसेला कोसी नदी पर बना पुल बड़े हादसे को निमंत्रण दे रहा है। दरअसल, ब्रिज पर एक स्पेन का रैलिंग खिसक कर एक दूसरे से 5 इंच अलग हो गया है। ऐसे में आशंका है कि कोई वाहन कभी भी रैलिंग से टकरा सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद प्रशासन ध्यान नहीं दे रही है। पुल का साइड स्लैब एक किनारे से 5 इंच साइड हो गया है । जिससे भारी वाहनों के परिचालन से पुल पर खतरा मंडराने की आशंका जताई जा रही है। जानकारों की माने तो 1962 में बना यह पुल अब कमजोर हो चुका है। सूत्रों के अनुसार एनएच-31 के विभागीय अधिकारी कुरसेला पहुंचकर कोसी पुल का निरीक्षण कर चुके हैं। लेकिन इस पर कोई सटीक जानकारी नहीं दी गई है जानकारी के अनुसार 31 जनवरी 2019 को भी पुल का एक पाया 6 इंच धस गया था। जिससे तत्काल ही भारी वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया था। इस पुल पर दोनों ओर से हजारो की संख्या मे वाहनों के परिचालन का दवाब बना रहता है। अब इसके समानांतर नया सड़क पुल बनाने की आवश्यकता है। ताकि इस पुराने पुल पर दवाब कम हो सके। बता दें कि कुरसेला कोसी नदी पर बना पुल काफी महत्वपूर्ण है। यह पुल सात राज्य को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कोसी पुल है। यह पुल कटिहार, पूर्णिया, नवगछिया, भागलपुर, खगड़िया के साथ पूर्वोत्तर भारत को बरौनी सड़क मार्ग के जरिये उत्तर भारत से जोड़ता है। नेशनल हाईवे का यह पुल सात राज्यों को जोड़ने वाला अहम पुल है। बताया जाता है कि पूर्व में भी पुल के सड़क धंसने की बातें सामने आई थी। जिसे मरम्मत कर परिचालन के लिये ठीक किया गया था। जानकारों की मानें तो सड़क पर बने मजबूत रैलिंग की मरम्मती में लापरवाही तथा असावधानी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। रेलिंग के खिसकने के बावजूद पुल पर वाहनों के परिचालन में कोई असर नहीं पड़ा है । मंगलवार को रेलिंग के समीप कुछ बोरा को रखकर ब्रैकेटिंग किया गया। फिलहाल आगे का कार्य शुरू नही किया गया है।
