ग्रामीण विकास मिशन संस्था ने विधवा महिला की बेटी की शादी में किया सहयोग।
बरारी (सुमन सोनी)
सामाजिक सरोकारों को लेकर सक्रिय ग्रामीण विकास मिशन संस्था ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की है। संस्था ने गुरुवार को घुसकी गांव के एक महादलित परिवार की विधवा महिला की बेटी की शादी में सहयोग कर जरूरतमंद परिवार को बड़ी राहत दी। इस अवसर पर संस्था की ओर से वर-वधु के लिए नए कपड़े और आवश्यक राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे विवाह की तैयारियों में परिवार को सहूलियत मिली।घुसकी गांव निवासी विधवा देवकी देवी ने बताया कि उनकी बेटी अंजू की शादी चंदवा खुदना, पूर्णिया निवासी युवक अकलू ऋषि से तय हुई है। शादी की तिथि 18 दिसंबर निर्धारित है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण जरूरी सामान की व्यवस्था करना उनके लिए कठिन हो रहा था। ऐसे में उन्होंने ग्रामीण विकास मिशन संस्था से सहायता की गुहार लगाई।मामले की जानकारी मिलते ही संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जायसवाल सचिव अर्जुन कुमार यादव, सदस्य राकेश चौधरी, अभय जायसवाल व अन्य सदस्यों ने देवकी देवी के घर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद संस्था की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बेटी की शादी में हरसंभव सहयोग किया जाएगा। निर्णय के अनुरूप संस्था ने कपड़े और राशन सामग्री देकर परिवार की मदद की।इस मौके पर अध्यक्ष जितेंद्र कुमार जायसवाल, सचिव अर्जुन कुमार यादव ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों की मदद करना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी की बेटी की शादी में बाधा न आए, यही संस्था की सोच है। संस्था के सदस्य अभय जायसवाल ने कहा कि विधवा और गरीब परिवारों की सहायता करना संस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है। वहीं सदस्य राकेश चौधरी ने कहा कि ग्रामीण विकास मिशन आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।इस दौरान समाजसेवी गौतम भगत और छोटू चौधरी भी मौजूद थे। दोनों ने संस्था के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। स्थानीय लोगों ने भी ग्रामीण विकास मिशन की पहल को सराहनीय बताया।
