गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, मनिहारी के छात्रों ने प्रांतीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में दिखाया शानदार प्रदर्शन
मनिहारी (रतन कुमार ओझा)
सीतामढ़ी (पुपरी) में आयोजित प्रांतीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता में गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल, मनिहारी के प्रतिभाशाली छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में राज्य भर के विद्यालयों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में विद्यालय के तीनों समूहों ने शानदार प्रदर्शन कर विजेता स्थान प्राप्त किया।डायनेमिक स्टार समूह से गुलशन कुमार, रौनक कुमार और प्रतीक कुमार, राइजिंग स्टार समूह से विराट सिंह, प्रज्ञा कुमारी और शानवी पांडे, तथा मॉर्निंग स्टार समूह से विद्या सिंह, स्वीटी कुमारी और सत्यम कुमार ने अपने ज्ञान और तर्कशक्ति का बेहतरीन प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए।इस प्रतियोगिता में मॉर्निंग स्टार समूह ने द्वितीय स्थान, जबकि राइजिंग स्टार और डायनेमिक स्टार समूहों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के उपरांत छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत जनकपुर धाम, नेपाल का दौरा कराया गया, जिसे सभी ने अत्यंत उत्साह और आनंद के साथ संपन्न किया।विद्यालय वापसी पर गुरुवार को विद्यालय द्वारा प्रशस्ति पत्र, मेडल व उपहार देकर सभी प्रतिभागियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक विक्रमादित्य सिंह को प्रभावी प्रबंधन और मार्गदर्शन के लिए गुरुकुल फाउंडेशन ट्रस्ट के क्षेत्रीय निदेशक हिमांशु कुमार वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया।विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू सिंह, क्षेत्रीय निदेशक हिमांशु कुमार वर्मा और शिक्षक आदित्य सिंह ने छात्रों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह प्रतियोगिता छात्रों के बौद्धिक विकास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को निखारने का एक सुनहरा अवसर है।प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्रों ने इसे प्रेरणादायक अनुभव बताया और भविष्य में भी इसी जोश और उत्साह के साथ शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने का संकल्प लिया।
