November 9, 2026

गंगा महानंदा और कोसी के उफान से कटिहार के बाढ़ग्रस्त किसानों की मेहनत डूबी ।

Read Time:3 Minute, 17 Second

समय से पहले करनी पड़ी पटसन की कटाई।

उपज और दाम दोनों पर पड़ा बुरा असर किसान मायूस।

इस साल बाढ़ और समय से पहले हुई कटाई के कारण किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है ।

किसान की लागत की वसूली मुश्किल होगी।

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कटिहार जिला के कुरसेला, बरारी अमदाबाद ,प्राणपुर प्रखंड में गंगा कोसी, महानंदा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी ने किसानों की कमर तोड़ दी है । बाढ़ का पानी खेतों में घुसने से कई प्रखंडों के कई पंचायत में खड़ी पटसन की फसल डूब गई। मजबूरी में किसानों को समय से पहले कटाई करनी पड़ी, जिससे उपज पर सीधा असर पड़ा है।ग्रामीण बताते हैं कि अगर खेत में पानी न घुसता, तो पटसन पूरी तरह पककर अच्छी पैदावार देती और मंडी में अच्छे दाम मिलते। अब आधी-पकी फसल काटने से रेशा की गुणवत्ता कम हो गई है और बाज़ार में कीमत भी घट जाएगी।स्थानीय महिला किसान शांति देवी की आवाज़ में ग़ुस्सा और दर्द दोनों हैं । उन्होंने कहा कि इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन बाढ़ ने सब चौपट कर दिया। कच्चे में ही पटसन काटना पड़ा, जिससे उपज कम हुई और नुकसान ज़्यादा।वहीं एक अन्य महिला किसान राजमणि देवी की हालत भी अलग नहीं है। वह कहती हैं कि मेरा एक बीघा पटवा का खेत बह गया। यही परिवार की आमदनी का सहारा था। अगर पानी नहीं आता तो फसल पकी-पकी कटती और अच्छे दाम पर बिकती, लेकिन अब इसकी कीमत भी आधी रह जाएगी।अन्य किसानों का कहना है कि बाढ़ ने न सिर्फ इस साल की मेहनत पर पानी फेर दिया, बल्कि अगले सीजन की तैयारी भी मुश्किल कर दी है।वहीं कृषि विज्ञान केन्द्र, कटिहार के कृषि वैज्ञानिक पंकज कुमार ने कहा कि बाढ़ का पानी खेतों में घुस आने के कारण किसानों को मजबूरी में जूट की फसल को समय से पहले ही काटना पड़ा। सामान्यतः जूट को 120–150 दिन की अवस्था में काटा जाता है, लेकिन इस बार पौधे पूरी तरह परिपक्व नहीं हो पाए। बाढ़ से नुकसान यह हुआ कि पानी में डूबने से कई खेतों की फसल सड़ गई। कई जगहों पर जूट पौधे गिर गए जिससे फाइबर की गुणवत्ता प्रभावित हुई। खेत में खड़ी फसल के साथ-साथ काटकर डूबे जूट की डंडियों के गलने में भी समस्या आई। कुल मिलाकर, कटिहार में इस बार जूट की फसल अपरिपक्व कटाई और बाढ़ के दोहरे प्रहार से प्रभावित हुई है।

Previous post मनिहारी पुलिस ने पकड़ी 44 मवेशियों से लदी चार पिकअप, तस्करों में मचा हड़कंप
Next post 83 वर्ष पूर्व कदवा थाना धधक- धधक कर जल उठा था
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial