November 14, 2026

चुनावी आपाधापी में चल रही कटाव रोधी कार्य की गुणवत्ता पर ग्रहण, कार्यपालक अभियंता ने निरीक्षण कर दिये आवश्यक निर्देश

Read Time:5 Minute, 0 Second

मनिहारी (रतन कुमार ओझा)

बीते वर्ष बाघमारा घाट से गांधीटोला के बीच नदी किनारे बाढ़ के दौरान नवंबर माह में अचानक भीषण कटाव शुरु हो गयी थी।आस पास के गांव बाघमारा, गांधीटोला, मनिहारी- कटिहार रेलवे ट्रैक सहित नगर क्षेत्र के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे थे। ऐसे में मची चीख-पुकार के बीच सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संज्ञान लेकर बाघमारा घाट पर जल संसाधन विभाग के तत्कालीन जल संसाधन मंत्री , विभागीय सचिव, उच्चस्तरीय तकनीकी दल के साथ बैठक कर बाढ़ -कटाव से बचाने के निर्देश अधिकारियों को दिये थे। गांधी टोला से बाघमारा घाट, फिर बाघमारा घाट से केलावा घाट के बीच कटाव रोधी कार्य के निमित्त जगह जगह बोल्डर बिछाने, बेडवार बनाने , नदी मार्ग को इसकी स्वाभाविक मार्ग की ओर प्रवाहमान बनाने के लिए बंडालिंग किये जाने व नदी मार्ग से गाद हटाने( सिल्ट कटिंग) को लेकर तकरीबन 47 करोड़ की राशि आवंटित की गयी थी। विगत वर्षों में निर्धारित समय तक गांधी टोला से बाघमारा घाट तक कटावरोधी कार्य संवेदकों व अभियंताओं के द्वारा जैसे तैसे पूरी कर ली गयी।लेकिन नदी में बाढ़ आ जाने से कुछ भागों में नदी मार्ग से गाद हटाये जाने व बोल्डर कटिंग के निर्धारित कार्य शेष रह गये जिसे इस वर्ष पूरी करने है । संवेदक के द्वारा इस दिशा में भी सुस्ती बरती जा रही है। रविवार को बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल काढ़ागोला के कार्यपालक अभियंता सुशांत शेखर ने गांधीटोला ,बाघमार घाट पर चल रहे कटावरोधी कार्य का निरीक्षण किया।कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। निर्धारित मानकों व गुणवत्ता मूलक कटावरोधी कार्य तय समय सीमा में कराने की हिदायत दी है। बाघमारा घाट से केवाला घाट तक नदी किनारे बेडवार बनाने का कार्य सुस्त है। लोकसभा चुनाव की आपाधापी में कटावरोधी कार्य स्थल का किसी जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारियों का निरीक्षण नहीं हो पाने से चल रहे कटावरोधी की गुणवत्ता के प्रति संवेदक उदासीन हैं । मनिहारी जदयू के प्रखंड अध्यक्ष सह प्रमुख प्रतिनिधि मंजय साह ने भी चल रहे कटावरोधी कार्य का जायजा लिया। ग्रामीणों से मिली शिकायत के आलोक में कार्यपालक अभियंता से बात कर कार्य में संवेदक द्वारा बरती जा रही उदासीनता एवं कार्य की गुणवत्ता की अनदेखी के प्रति सजगता बरतने का आग्रह किया।अनेक ग्रामीणों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि यहां चल रहे कटावरोधी कार्य में विभाग द्वारा निर्धारित वजन से बहुत कम वजन का पत्थर बेडवार के निचले भाग में लगाकर ऊपरी भाग में बड़े पत्थर से ढ़कने का खेल संवेदकों द्वारा बदस्तूर जारी है। शिकायत की कि निम्न गुणवत्ता की जाली लगाया जा रहा है। अगर समय रहते उच्च स्तरीय जांच नहीं हुई तो यह जन सापेक्ष कार्य भी संवेदकों के लिए धन सापेक्ष बनकर रह जाएगा।चालू वित्तीय वर्ष में भी नदी की धारा मोड़ने के लिए नदी मार्ग में बंडालिंग सहित बाढ़ बरसात के कारण क्षतिग्रस्त भाग के पुनर्स्थापन ,उन्नयन को लेकर तकरीबन पांच करोड़ की राशि की सरकार ने प्रबंध की है।ग्रामीणों ने जन प्रतिनिधियों व जिलाधिकारी से चल रहे कटावरोधी कार्य का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

Previous post पीर मजार पर सालाना ऊर्ष का आयोजन पांच मई को
Next post दुकानदार पर गोली चलाकर दहशत फैलाने का आरोपी गिरफ्तार
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial