November 9, 2026

महिलाओं ने हरितालिका तीज पर्व पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया।

Read Time:2 Minute, 42 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

जिले में मंगलवार को हरितालिका तीज का पर्व पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांव तक सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों के घर-घर में महिलाएं व्रत और पूजा की तैयारियों में व्यस्त रहीं। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने दोपहर बाद सामूहिक रूप से एकत्र होकर माता पार्वती और भगवान शिव की मिट्टी से प्रतिमा बनाकर श्रद्धापूर्वक पूजा अर्चना की। साथ ही गणेश और कार्तिकेय की मूर्तियों को भी विधि-विधान से स्थापित कर व्रत का अनुष्ठान पूरा किया।आचार्यों ने संध्या काल में तीज व्रत की कथा सुनाई और व्रती महिलाओं को इसके महत्व की जानकारी दी। शास्त्रों में वर्णित है कि भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को हरितालिका तीज का व्रत रखा जाता है। मान्यता है कि इस दिन माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तप किया था। उसी परंपरा को आज भी महिलाएं निभाती हैं।इस व्रत का विशेष महत्व यह है कि महिलाएं पूरे 24 घंटे तक निर्जला उपवास करती हैं और पूरी रात जागरण कर भजन-कीर्तन करती रहती हैं। आचार्यों का कहना है कि जो महिलाएं श्रद्धा और विधि-विधान से इस व्रत का पालन करती हैं, वे अखंड सौभाग्यवती होती हैं और उनके परिवार में सदैव सुख-शांति बनी रहती है।कुरसेला प्रतिनिधि के अनुसार पूरे प्रखंड क्षेत्र में महिलाओं ने निर्जला तिल का व्रत रखा। जगह-जगह सामूहिक पूजा व कथा का आयोजन हुआ, जिससे पूरा माहौल धार्मिक और भक्तिमय बना रहा। तीज का यह पर्व स्त्रियों के उत्साह और आस्था का प्रतीक बनकर जिलेभर में धूमधाम से संपन्न हुआ।

Previous post बारसोई अनुमंडल में नव पदस्थापित एसडीएम को नपं प्रतिनिधियों ने बुकें देकर किया स्वागत।
Next post कांग्रेस ने मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी का लगाया आरोप, चुनाव आयोग से सुधार की मांग।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial