September 20, 2026

बिजली के तार में उलझा 16 चक्का, टूट गए 11 केवी के दो पोल।लालटोला में बाल-बाल बचीं सैकड़ों जिंदगियां; करंट प्रवाहित लाइन के बीच हुआ हादसा, आबादपुर पुलिस ने ट्रक जब्त किया

Read Time:2 Minute, 8 Second

मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)

ग्वालटोली-कुसीदा राज्य मार्ग पर लालटोला के समीप शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। मालदा से बारसोई की ओर जा रहा 16 चक्का ट्रक संख्या JH10CF9651 सड़क की कम चौड़ाई के कारण क्रॉसिंग के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 केवी लाइन के दो बिजली पोल को तोड़ दिया। पोल टूटते ही बिजली के तार ट्रक में उलझ गए। ट्रक पर कैप्टेन रॉड लदा हुआ था।हादसे के समय 11 केवी लाइन में बिजली प्रवाहित थी। घटनास्थल के आसपास से उस वक्त राहगीरों और स्कूली बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग गुजर रहे थे। बिजली के तार की चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया और ट्रक चालक समेत सभी लोग सुरक्षित रहे। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। *सूचना मिलते ही पहुंची आबादपुर पुलिस* घटना की सूचना मिलने पर आबादपुर थाना प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर थाना परिसर पहुंचाया। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ग्वालटोली-कुसीदा मार्ग कई स्थानों पर संकरा और जर्जर है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण आमने-सामने से वाहनों के गुजरने के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत की मांग कई बार उठाने के बावजूद समस्या जस की तस है।

Previous post यूजीसी-नेट जून 2026 में राज कुमार ने हासिल की सफलता, क्षेत्र का नाम किया रोशन
Next post डकैती की योजना बना रहे सात युवक गिरफ्तार, देसी पिस्टल समेत नशीला पदार्थ व दो बाइक बरामद
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial