कुर्सेला पुलिस ने 72 घंटे में खोला 4 वर्षीय कृष्ण कुमार अपहरण का राज, बच्चा सकुशल बरामद
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुर्सेला थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह लापता हुए चार वर्षीय बालक कृष्ण कुमार की बरामदगी से पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है। कटिहार पुलिस ने तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 72 घंटे के भीतर बच्चे को भागलपुर जिले के ततारपुर से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।डीएसपी (सदर-02) रंजन कुमार सिंह ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष अनुसंधान टीम गठित की गई थी। टीम में कुर्सेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार और एक तकनीकी सेल की यूनिट शामिल थी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की। अंततः भागलपुर जिले के ततारपुर क्षेत्र से चार वर्षीय कृष्ण कुमार को सकुशल बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अपहरण फिरौती की मंशा से किया गया था। बता दे कि इस घटना को लेकर नेशनल हाईवे 31 जाम कर प्रदर्शन भी किया गया था। जिसके बाद प्रशासन इसे चुनौती के रूप में लेते हुए।बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए छापेमारी जारी कर दिया था।वहीं डीएसपी सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम बाकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चला रही है। जल्द ही मुख्य अभियुक्त को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।उधर, बच्चे के सकुशल मिलने की खबर जैसे ही गांव पहुँची, परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने कटिहार पुलिस, डीएसपी रंजन कुमार सिंह और कुर्सेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार घर आकर भरोसा दिलाते रहे कि बच्चा सुरक्षित मिल जाएगा। आखिरकार पुलिस ने अपने वादे को पूरा किया।वहीं स्थानीय एनडीए विधायक प्रत्याशी विजय सिंह ने भी पुलिस की तत्परता और सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सुशासन सरकार में अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पुलिस ने तत्परता दिखाई, वह प्रशंसनीय है।बच्चे की सकुशल वापसी के बाद ग्रामीणों ने पुलिस का फूल-मालाओं से स्वागत किया। समेली और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की इस कार्रवाई की जमकर सराहना हो रही है।
