June 21, 2026

विधायक श्रीमद्भागवत कथा में हुए शामिल: हसनगंज में क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की

Read Time:3 Minute, 11 Second

(हसनगंज डेस्क)

हसनगंज प्रखंड के सार्वजनिक दुर्गा मंदिर प्रांगण में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में पूर्व डिप्टी सीएम सह भाजपा सदर विधायक तारकिशोर प्रसाद शामिल हुए। उन्होंने कथा का श्रवण किया और भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र की जनता के सुख, शांति व समृद्ध जीवन की कामना की। इस अवसर पर विधायक तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन समाज को नैतिकता, संस्कार और आपसी भाईचारे की सीख देते हैं। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे कार्यक्रमों से लोगों में आध्यात्मिक चेतना का विकास होता है और सामाजिक एकता मजबूत होती है। आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के अवसर पर आसपास का क्षेत्र पूरी तरह आध्यात्मिक वातावरण में डूबा हुआ है। कथाओं को सुनने के लिए प्रतिदिन दोपहर के बाद तीन बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती हैं। जिसने आस्था की अद्भुत मिसाल पेश की। इस अवसर पर वृंदावन से पधारे कथावाचक श्री प्रेमानंद पीतांबर परमेश्वर महाराज की अमृतवाणी में श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। उन्होंने भागवत कथा की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा से मनुष्य को ज्ञान और विवेक की प्राप्ति होती है। अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि संसार में चारों ओर माया-मोह व्याप्त है। इसमें फंसकर मनुष्य अपना अनमोल जीवन नष्ट कर रहा है। उन्होंने जोर दिया कि मोह-माया का त्याग कर मन को भक्ति में लगाने से ही कल्याण संभव है। आगे कहा कि माता-पिता की सेवा से बढ़कर कोई तीर्थ नहीं होता। जिसने माता-पिता की सेवा कर ली, उसने चारों तीर्थ कर लिए। उन्होंने बताया कि चौरासी लाख योनियों में भटकने के बाद मानव शरीर मिलता है, जिसका उपयोग सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने में करना चाहिए। परमात्मा के चरणों का आश्रय लेकर सदाचारी जीवन यापन कर मोक्ष प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख नीलू देवी, युवा समाज सेवी गौतम कुमार, अभय कुमार, ज्योतिष कांत कुंवर, मुकेश श्रीवास्तव, दिलीप कुमार, अशोक कुमार, रवि कुमार सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।

Previous post आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से बढ़ी नाराजगी
Next post गोबराही दियारा में फ्लैग मार्च, विधि व्यवस्था व शांति बहाल करने पर पुलिस का जोर
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial