June 21, 2026

गोबराही दियारा में फ्लैग मार्च, विधि व्यवस्था व शांति बहाल करने पर पुलिस का जोर

Read Time:3 Minute, 33 Second

कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)

कुरसेला थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी पार स्थित गोबराही दियारा इलाके में जमीनी विवाद एवं विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व कुरसेला थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने किया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।फ्लैग मार्च के क्रम में पुलिस बल ने दियारा क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया गया। दियरा के विभिन्न गांवों के घाट टोला, दुर्गा स्थान टोला, पचासी टोला, कापरी टोला, जंगली टोला, नया टोला एवं बजरंगबली टोला सहित अन्य गांवों में पैदल गश्त किया। पुलिस ने आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त न होने की सख्त चेतावनी दी। फ्लैग मार्च से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।बताया गया कि गोबराही दियारा क्षेत्र में पूर्व से जमीनी विवाद की स्थिति बनी हुई है, जिसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, आपसी विवाद भड़काने या कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना एवं असामाजिक तत्वों में भय का माहौल कायम करना है।फ्लैग मार्च के दौरान दियारा क्षेत्र स्थित पुलिस कैंप पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए। पुलिस ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इस दौरान जमीनी विवाद से जुड़े मामलों, दियारा क्षेत्र में देसी शराब के निर्माण व तस्करी से संबंधित जानकारी भी ली गई। साथ ही जनता दरबार के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दियारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी। फ्लैग मार्च के बाद क्षेत्र की स्थिति शांतिपूर्ण बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा जताया है।

Previous post विधायक श्रीमद्भागवत कथा में हुए शामिल: हसनगंज में क्षेत्र की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की
Next post पीडब्लूडी सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त।
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial