मॉडल थाना सुधानी एवं तेलता के नवनिर्मित भवनों का हुआ उद्घाटन, अपराध नियंत्रण को लेकर SP ने दिया भरोसा
मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)
बारसोई क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मॉडल थाना सुधानी एवं तेलता के नवनिर्मित थाना भवनों का उद्घाटन कटिहार के पुलिस अधीक्षक श्री परिचय कुमार ने थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में फीता काटकर किया। नए थाना भवनों के उद्घाटन को लेकर क्षेत्र के लोगों में भी उत्साह देखा गया।उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों ने नवनिर्मित थाना भवन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था और बेहतर होगी तथा आम लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री परिचय कुमार ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। थाना पुलिस के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का सहयोग रहेगा तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर तरीके से बनाए रखा जा सकता है।SP ने विशेष रूप से सूखे नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पहले से जारी है, लेकिन इसे पूरी तरह प्रभावी बनाने के लिए समाज और स्थानीय लोगों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में नशे के कारोबार या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को इसकी सूचना दें।उन्होंने आम लोगों से कहा कि किसी भी समस्या या शिकायत को लेकर बिना डर और संकोच के थाना पहुंचें तथा अपना आवेदन दर्ज कराएं। पुलिस द्वारा प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।नवनिर्मित थाना भवनों के उद्घाटन से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इन भवनों के माध्यम से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम जनता को भी पुलिस से संबंधित मामलों में अधिक सुविधा प्राप्त होगी।कार्यक्रम में कांग्रेस नेता नगीना यादव, डॉ. यासुब, मुखिया प्रतिनिधि इंजीनियर तनवीर शमसी, JDU नेता ख्वाजा शाहिद, पूर्व सरपंच शाहनवाज, मो.तालिब, संजय, हाजी आफताब, शरवर, मनोज कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहें l
