अमर शहीद रायफलमैन शुभम कुमार सिंह की प्रतिमा पर राखी बांधकर बहनों ने किया नमन, बारसोई में दिखा भाईचारे का संदेश
मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)
बारसोई में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का त्योहार, हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी सौहार्द की दिखी खूबसूरत तस्वीर भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पावन पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को प्रखंड बारसोई के विभिन्न क्षेत्रों में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में रक्षाबंधन को लेकर उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा एवं सम्मान का संकल्प लिया।रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर अमर शहीद रायफलमैन शुभम कुमार सिंह की प्रतिमा पर बहनों ने राखी बांधकर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। शहीद की प्रतिमा पर राखी बांधते हुए बहनों ने उनके बलिदान को याद किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने भी अमर शहीद रायफलमैन शुभम कुमार सिंह के देश के प्रति समर्पण एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया। प्रतिमा स्थल पर मौजूद लोगों के बीच यह भावुक और सम्मानपूर्ण दृश्य चर्चा का विषय रहा। पूरे प्रखंड में बच्चों में भी रक्षाबंधन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। छोटे-छोटे बच्चों ने उमंग के साथ रक्षाबंधन मनाया। रक्षाबंधन के अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला। पूर्व सांसद सह कदवा विधायक दुलालचन्द्र गोस्वामी, बलरामपुर विधायक संगीता देवी, नगर पंचायत मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह, राजेश कुमार, जिला परिषद सदस्य गुलजार आलम, आफताब ताज, अबुल हसन अंसारी, मो. सरफराज आलम, अमल गोस्वामी, सागर कुमार साह, राजा बाबू, मास्टर मंसूर आलम, चंचल सोनार, नगीना यादव, ख्वाजा शाहिद, गौतम मोदक एवं सीमा यादव सहित अन्य लोगों ने रक्षाबंधन की खुशियों में भाग लिया।
