August 28, 2026

जम्मू-कश्मीर में तैनात जवान मोहम्मद सगीरुद्दीन की आकस्मिक मौत, परिवार से मिलीं विधायक संगीता देवी

Read Time:2 Minute, 27 Second

मो0 सनाउल्लाह (बारसोई)

बारसोई प्रखंड अंतर्गत शिकारपुर पंचायत के शिकारपुर गांव निवासी आर्मी जवान मोहम्मद सगीरुद्दीन जम्मू-कश्मीर में देश की सेवा में तैनात थे। कुछ दिनों की छुट्टी बिताने के लिए वह अपने घर शिकारपुर आए हुए थे। इसी दौरान अचानक हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। जवान की आकस्मिक मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।मोहम्मद सगीरुद्दीन के निधन से गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं। देश की सेवा में तैनात एक जवान का इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना हर किसी को भावुक कर गया।इसी दुख की घड़ी में बारसोई-बलरामपुर की लोकप्रिय विधायक श्रीमती संगीता देवी शोकाकुल परिवार से मिलने शिकारपुर पहुंचीं। उन्होंने जवान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और विशेष रूप से उनकी पत्नी से मिलकर दुख साझा किया। विधायक ने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह उनके साथ खड़ी हैं और हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगी।विधायक संगीता देवी ने कहा कि मोहम्मद सगीरुद्दीन ने देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने दिवंगत जवान के लिए दुआ करते हुए कहा कि अल्लाह उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला से आला मुकाम अता फरमाए और उनके परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।इस दौरान विधायक ने शोकाकुल परिवार को गले लगाकर ढांढस बंधाया और हर सुख-दुख में परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। जवान की मौत से पूरा शिकारपुर गांव गमगीन है और लोग उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Previous post आबादपुर में गांजा के अवैध कारोबार का खुलासा, 14.646 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार
Next post मॉडल थाना सुधानी एवं तेलता के नवनिर्मित भवनों का हुआ उद्घाटन, अपराध नियंत्रण को लेकर SP ने दिया भरोसा
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial