कुर्सेला में घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, भतीजे ने चाचा-दादा सहित आधा दर्जन लोगों को पीटा, सभी घायल अस्पताल में भर्ती
कुर्सेला (राजशेखर जयसवाल)
कुर्सेला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत के मेहर मियां टोला में सोमवार की रात घरेलू पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी झड़प का रूप धारण कर लिया, जिसमें एक ही परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल कुर्सेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।मिली जानकारी के अनुसार, विवाद बिजली के तार को लेकर शुरू हुआ था। घायल दीपक कुमार ने बताया कि पहले मामूली कहा-सुनी हुई, लेकिन थोड़ी ही देर में स्थिति बेकाबू हो गई। भतीजे ने गुस्से में आकर लोहे के रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने न केवल पुरुषों पर बल्कि घर की महिलाओं और बच्चों पर भी बेरहमी से प्रहार किया। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।घायल दीपक कुमार ने बताया कि घटना में उसकी मां विमला देवी, पत्नी उषा देवी, पुत्र सोनू कुमार और पिता बनारसी दास गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को लहूलुहान हालत में कुर्सेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि कई घायलों की हालत चिंताजनक है और उन्हें आगे बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।वहीं दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की भी एक महिला इस झगड़े में घायल हुई है, जिसे इलाज के लिए कुर्सेला पीएचसी में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलने पर कुर्सेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू बिजली तार को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।वहीं पुलिस द्वारा बताया गया कि आवेदन पर मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।।
