June 21, 2026

पीडब्लूडी सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सख्त।

Read Time:2 Minute, 34 Second

बरारी (सुमन सोनी)

बरारी प्रखंड के बरारी हाट में पीडब्लूडी सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। बुधवार को अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार, बरारी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शिवांसू कुमार शिवेश, प्रभारी छोटा दरोगा छोटू कुमार तथा मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नीरज कुमार कश्यप उर्फ हिटलर यादव संयुक्त रूप से बरारी हाट पहुंचे और दुकानदारों को यथाशीघ्र सड़क से तीस फीट तक अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।प्रशासनिक अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि पीडब्लूडी सड़क के किनारे अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाना अनिवार्य है।कार्यपालक पदाधिकारी और अंचल पदाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी दुकानदार ने नियम-कानून का पालन नहीं किया और अतिक्रमण हटाने में विलंब किया, तो प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन लगाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। साथ ही संबंधित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा और तोड़फोड़ में आने वाला पूरा खर्च भी उन्हीं से वसूला जाएगा।हालांकि प्रशासनिक निर्देश के बाद कुछ दुकानदारों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है, लेकिन अब भी कई दुकानदार अतिक्रमण हटाने को तैयार नहीं हैं। इसे लेकर प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी को भी नियम से ऊपर नहीं रखा जाएगा और निर्धारित समय के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की इस पहल से बरारी हाट क्षेत्र में हलचल मची हुई है।

Previous post गोबराही दियारा में फ्लैग मार्च, विधि व्यवस्था व शांति बहाल करने पर पुलिस का जोर
Next post दैनिक अखबार के पत्रकार पर जानलेवा हमला मामले में आरोपी ने किया न्यायालय में आत्मसमर्पण
Wordpress Social Share Plugin powered by Ultimatelysocial